सौतेली मां की बात मानता था पिता तो बेटे ने मार डाला
Pratapgarh-kunda News - अंतू थाना क्षेत्र के नरी गांव में एक किसान राम लखन यादव की उसके बेटे उदयभान ने हत्या कर दी। पिता की दूसरी शादी और संपत्ति के विवाद के चलते उदयभान ने खेत में अपने पिता की हत्या की। पुलिस ने मामले की छानबीन के बाद बेटे को गिरफ्तार कर लिया और उसे जेल भेज दिया।

अंतू थाना क्षेत्र के नरी गांव में रविवार रात खेत की सिंचाई कर रहे किसान की उसके बेटे ने ही हत्या की थी। पुलिस ने शुक्रवार को हत्या का खुलासा करते हुए उसके बेटे को जेल भेज दिया। नरी गांव निवासी 60 वर्षीय किसान राम लखन यादव रविवार रात खेत की सिंचाई करने गया था। दूसरे दिन सुबह सरसों के खेत में उसका खून से सना शव पाया गया। पहले परिजन पुराने विवाद के चलते हैं गांव के ही लोगों पर हत्या का आरोप लगा रहे थे लेकिन बाद में बेटे उदयभान यादव ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया। छानबीन के दौरान पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल खंगालने लगी तो बेटे उदय भान की भूमिका संदिग्ध मिली।
अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी शैलेंद्र लाल, सीओ सिटी प्रशांत राज हुड्डा ने शुक्रवार को पुलिस लाइन स्थित सई कॉम्प्लेक्स में पत्रकारों को बताया कि हत्या के खुलासे के लिए लगी पुलिस टीमों को सीसीटीवी फुटेज व अन्य इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से बेटे की भूमिका संदिग्ध लगी। एसओ आनंदपाल सिंह और स्वाट टीम प्रभारी अमित चौरसिया ने बेटे उदयभान को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने हत्या की बात स्वीकार की। बताया कि उसकी मां की मौत के बाद पिता ने दूसरी शादी कर ली थी। पिता दूसरी मां के कहने पर चल रहे थे और उसे खर्च नहीं दे रहे थे। एएसपी ने बताया कि उदय भान अपने पिता से जमीन बिकवाना चाहता था लेकिन वह तैयार नहीं हो रहा था। ऐसे में खेत में ही उसने चारपाई के पाए से पिता की हत्या कर शव सरसों के खेत में फेंक दिया था। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चारपाई का पाया और उसकी जैकेट बरामद कर उसे जेल भेजा जा रहा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




