Hindi NewsUttar-pradesh NewsPratapgarh-kunda NewsShivajipuram Neighborhood Suffers from Unresolved Drainage Issues
बोले बेल्हा : नाला पूरा हो तो गंदगी से मिले राहत

बोले बेल्हा : नाला पूरा हो तो गंदगी से मिले राहत

संक्षेप:

Pratapgarh-kunda News - शिवजीपुरम मोहल्ले में नाले के निर्माण में देरी के कारण गंदगी और दुर्गंध फैल रही है। लोग बार-बार प्रशासन से मदद मांग रहे हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं हो रहा। बारिश में जलजमाव की समस्या गंभीर हो जाती है,...

Thu, 9 Oct 2025 05:34 PMNewswrap हिन्दुस्तान, प्रतापगढ़ - कुंडा
share Share
Follow Us on

शिवजीपुरम मोहल्ला नाला पूरा न बन पाने की वजह से गंदगी से बजबजा रहा है। डीएम और एसडीएम ही नहीं बल्कि मुख्यमंत्री भी इसके समाधान का निर्देश दे चुके हैं। फिर भी नाला के बीच पड़ने वाली बाधा/अतिक्रमण समाप्त नहीं किया जा रहा है। इससे मोहल्ले का पानी नहीं निकल पा रहा है। गंदगी सड़ती रहती है। उससे उठने वाली दुर्गंध लोगों को बहुत परेशान कर रही है। लोग बार-बार नाले को तालाब तक पहुंचाकर इस समस्या से निजात दिलाने की मांग कर रहे हैं। लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। मोहल्ले के लोगों ने आपके अपने अखबार हिन्दुस्तान से पीड़ा साझा करते हुए जल्द निजात दिलाए जाने की मांग उठाई है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

शहर का शिवजीपुरम मोहल्ला सरोज चौराहे के पहले स्थित है। इस मोहल्ले में तीन बड़े विद्यालय व अस्पताल हैं। यहां से निकलने वाला गंदा और बरसात का पानी देवकली तालाब में जाता है। लेकिन मोहल्लेवालों का आरोप है कि जिस नाले से लोगों के घरों व गलियों का पानी देवकली तालाब में जाता था उस नाले पर दीवार बनाकर अतिक्रमण कर लिया गया है। इससे पानी की निकासी अवरुद्ध हो गई है। लोगों के घरों से निकलने वाला गंदा पानी मोहल्ले में ही ठहरा रहता है। उसमें सड़ने वाली गंदगी से इतनी दुर्गंध उठती रहती है कि कई बार तो सांस लेना मुश्किल हो जाता है। इस समस्या से निजात दिलाने के लिए स्थानीय लोगों ने नगर पालिका व जिला प्रशासन से कई बार गुहार लगाई। मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इससे निजात दिलाने की मांग की। डीएम को प्रार्थनापत्र देकर समस्या के समाधान की मांग की। डीएम ने इसके समाधान का निर्देश दिया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने भी समस्या के समाधान का निर्देश दिया था। एसडीएम सदर ने मौके पर जाकर निरीक्षण करने के बाद दीवार पर रोक लगाकर नाला खोलने का आदेश दिया, इसके बावजूद नाला तालाब तक नहीं पहुंच पा रहा है। इससे समस्या जस की तस है। बरसात में समस्या इतनी विकराल हो जाती है कि बिना गंदे पानी से होकर गुजरे लोग अपने घरों में नहीं जा पाते। नौकरी पेशा वाले लोग ऑफिस, प्रतिष्ठान आदि के लिए घर से साफ कपड़े पहनकर निकलते हैं लेकिन गायत्री मंदिर तक ही उनके कपड़ों में गंदगी व कीचड़ लग जाते हैं। कई दिन तक जलभराव रहने से कीड़े मकोड़े घर में आने लगते हैं। मच्छर और मक्खियों की संख्या बहुत बढ़ जाती है। इससे लोग अपने घरों में भी सुकून से नहीं रह पा रहे हैं। यहां रहने वाले लोगों को भी उस समय शर्मिंदगी का सामना करना पड़ जाता है जब उनके घर कोई रिश्तेदार आ आता है और नाले या जलजमाव से होकर दुर्गंध भरी हवा का झोंका उनके घर में आ जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे यहां गंदगी ही नहीं बल्कि संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। लोग बार-बार मांग कर रहे हैं लेकिन न तो नाला बन पा रहा है और न ही सफाई का इंतजाम किया जा रहा है। लोगों ने इससे निजात दिलाए जाने की मांग की है। तीन बार आया सामान, बिना निर्माण के गायब हो गया नाला निर्माण के लिए प्रशासन के दखल पर तीन बार बालू, गिट्टी, 2 ट्राली ईंट आदि सामान शिवजीपुरम मोहल्ले में गिराया गया। लेकिन निर्माण नहीं शुरू हो पाया फिर भी सामान गायब हो गया। सामान चोरी होने की सूचना भी मोहल्लेवालों ने जिम्मेदार लोगों तक पहुंचाई। लेकिन नाला निर्माण का काम शुरू नहीं हो पा रहा है। इससे समस्या जस की तस बनी हुई है। जरा हमारी भी सुनिए नाले पर अतिक्रमण से गंदगी की समस्या बहुत गंभीर हो गई है। इसके लिए मुख्यमंत्री और डीएम के अलावा एसडीएम सदर ने भी समस्या के समाधान के निर्देश दिए। लेकिन उसका अनुपालन नहीं हो पाया। इससे समस्या जस की तस बनी हुई है। इससे यहां के लोगों को बहुत परेशानी हो रही है। इसका जल्द से जल्द समाधान कराया जाना चाहिए। -सर्वेश पांडेय न तो नाले का निर्माण पूरा कराया जा रहा है कि उससे मोहल्ले का पानी देवकली तालाब की ओर निकल जाए और न ही सफाईकर्मी आ रहे हैं। सफाई पर इस दोहरी मार से मोहल्ले में गंदगी बजबजा रही है। इससे बीमारियों का भी खतरा बढ़ गया है। आने जाने में भी कई बार बहुत परेशानी उठानी पड़ जाती है। इसका जितनी जल्द समाधान हो जाए उतनी ही जल्द लोगों को इस नारकीय जीवन से मुक्ति मिलेगी। -अभय यादव नाले का निर्माण पूरा न होने से मोहल्ले का गंदा पानी मोहल्ले में ही सड़कर बदबू और बीमारियां फैला रहा है। एसडीएम ने मौके पर आकर अतिक्रमण पर रोक लगाकर नाला निर्माण पूरा कराकर समस्या से निजात दिलाने के निर्देश दिए। फिर भी समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। इसका समाधान जल्द से जल्द कराया जाना चाहिए। -आदित्य प्रताप सिंह सफाईकर्मी मोहल्ले में नहीं दिखाई देते। इससे जहां नालियां बनी भी हैं वे भी गंदगी से पटी पड़ी हैं। बरसात होने पर यही गंदगी सड़क और गलियों से होते हुए लोगों के दरवाजे पर आ जाती है। इसलिए जब तक नाला न पूरा बन सके तब तक कम से कम सफाईकर्मियों को नियमित भेजकर मोहल्ले की सफाई कराई जानी चाहिए। -सुरेन्द्र कुमार शुक्ल मोहल्ले में सफाई न होने से सड़कें भी प्रभावित हो रही हैं। सड़कों पर गंदगी पड़ी रहने से रास्ता संकरा हो जाता है। आवागमन में बहुत परेशानी होती है। ऐसे में यहां सफाई व्यवस्था दुरुस्त किया जाना बहुत जरूरी है। लेकिन इसके लिए जिम्मेदार लोग इस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। -विनय सिंह मोहल्ले में कूड़ादान न होने से लोगों को अपने घर से निकलने वाला कचरा समस्या बन गया है। इसलिए यहां पर्याप्त संख्या में कूड़ादान रखा जाना चाहिए। ताकि लोगों के घरों से निकलने वाला कचरा उसमें रखा जा सके। लेकिन ऐसा न होने से लोगों को बहुत परेशानी हो रही है। कचरा बिखरकर उड़ता रहता है। -अखिलेश पांडेय मोहल्ले में गंदगी फैली रहती है। लेकिन सफाईकर्मी नहीं आते। इससे गंदगी रास्तों तक ही नहीं कई बार लोगों के दरवाजों तक फैल जाती है। इससे लगता ही नहीं कि यह शहर का हिस्सा है। इसलिए मोहल्ले में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त किए जाने की जरूरत है। जितना जल्द सफाई व्यवस्था दुरुस्त की जाएगी, उतनी ही जल्द यहां के लोगों को इस समस्या से निजात मिल पाएगी। -अर्जुन शिवजीपुरम मोहल्ले में जलनिकासी बड़ी समस्या बन गई है। यहां पर लोगों के घरों से निकलने वाला गंदा पानी नाली न होने के कारण मोहल्ले में इकट्ठा रहता है। काफी दिनों से गंदा पानी एकत्रित होने के कारण मख्खी-मच्छर पनप रहे हैं। जिसके कारण बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। नाली की शिकायत कई बार की गई लेकिन कोई सुनवाई नही हुई। -बबलू मोहल्ले में सफाईकर्मी समय से नहीं आते जिसके कारण कचरा मोहल्ले में ही डंप रहता है। इसके चलते मोहल्ले के लोगों को कचरे से आ रही दुर्गंध के बीच रहना मुश्किल हो जाता है। शिकायत करने बाद भी सफाईकर्मी नहीं आते हैं। इससे लोगों के घरों के सामने तक कई बार कचरा इकट्ठा हो जाता है। -गुड्डी मोहल्ले में नाली चालू न होने से बारिश होने पर कई बार इतना जलजमाव हो जाता है कि जो मकान नीचे बने हुए हैं उनमें गंदा पानी चला जाता है। यह मोहल्ले वालों के लिए काफी गंभीर समस्या बनती जा रही है। जो लोग गांव से शहर में आकर मकान बनाकर रह रहे हैं उनका कहना है कि इससे बढ़िया सुविधा तो गांव में भी हो गई। -शिवा कुमार शिवजीपुरम मोहल्ला नगरपालिका के बड़े मोहल्लों में गिना जाता हैं लेकिन नगर पालिका की सुविधाएं अधूरी मिलने से लोग इस मोहल्ले को उपेक्षित मानने लगे हैं। लेकिन इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों का इस तरफ ध्यान ही नहीं जा रहा है। इसके कारण यहां साफ सफाई को लेकर अव्यवस्था बनी रहती है। -आनंद इस मोहल्ले में कई अधिकारी और डॉक्टर भी रहते हैं। लेकिन सफाई और जलनिकासी की अव्यवस्था से वे जल्द अपने घर के बाहर टहलने भी नहीं निकलते। लोगों का मानना है कि वैसे तो टहलने से स्वास्थ्य लाभ होता है लेकिन यहां टहलने पर उल्टा स्वास्थ्य बिगड़ने का खतरा बना रहता है। इसलिए इस मोहल्ले को जल्द से जल्द गंदगी से निजात दिलाई जानी चाहिए। -दिनेश कुमार नाला पूरा न होने से गंदा पानी बजबजाता रहता है। इससे बदबू उठती रहती है। नाले की ओर से होते हुए हवा का झोंका आ जाता है तो नाक मुंह बंद कर लेना मजबूरी हो जाती है। बार-बार इससे निजात दिलाने की मांग की जा रही है लेकिन इस समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। -रमेश पांडेय मोहल्ले में जगह-जगह कूड़ा फैला रहता है। लेकिन न तो कूड़ेदान रखा जा रहा है और न ही नियमित सफाईकर्मी आ रहे हैं। इससे मोहल्ले की सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। लोग बार-बार समस्या उठाकर इसके समाधान की मांग की जा रही है। किन्तु जिम्मेदार लोग इसका समाधान नहीं करा रहे हैं। इससे लोग परेशान हैं। -ओम प्रकाश द्विवेदी बोले जिम्मेदार मौके पर टीम भेजकर मुआयना कराया जाएगा। जो भी समस्याएं हैं उनको नोट कर उनका जल्द समाधान कराया जाएगा। -राकेश कुमार, ईओ नगर पालिका