ट्रैक्टर की टक्कर से छात्रा की मौत, आक्रोशित लोगों ने पुलिस पर किया हमला
रानीगंज में एक कक्षा नौ की छात्रा रोशनी की ट्रैक्टर की टक्कर से मौत हो गई। चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया, जिससे स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए चार घंटे बाद भेजा। लोगों ने चालक की गिरफ्तारी की मांग की, जबकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रानीगंज, हिन्दुस्तान संवाद। साइकिल से स्कूल जा रही कक्षा नौ की छात्रा की ईंट लादकर जा रही ट्रैक्टर की टक्कर से मौत हो गई। चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकला। मौके पर पहुंचे लोग सड़क पर शव रखकर ट्रैक्टर जलाने का प्रयास करने लगे। मौके पर पहुंची बहरिया पुलिस ने विरोध किया तो आक्रोशित लोगों ने मारपीट करते हुए खदेड़ लिया। रानीगंज, फतनपुर पुलिस के पहुंचने पर लोग चालक की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। पुलिस किसी तरह लोगों को समझा-बुझाकर चार घंटे बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज सकी। रानीगंज थाना क्षेत्र के दमदम गांव निवासी सूर्यपाल बिंद की 13 वर्षीय बेटी रोशनी डेढ़ किलोमीटर दूर स्थित जीजीआईसी में कक्षा 9 की छात्रा थी।
वह बुधवार सुबह करीब सवा आठ बजे साइकिल से दो अन्य छात्राओं के साथ स्कूल जा रही थी। गांव के पास ही सड़क पर ईंट लादकर जा रहे ट्रैक्टर ने रोशनी को टक्कर मार दी। इससे वह सड़क पर गिरी और सिर में चोट आने से उसकी मौत हो गई। चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकला। गांव के लोग मौके पर पहुंचे और चालक पर लापरवाही से टक्कर मारने का आरोप लगाते हुए उसे जलाने का प्रयास करने लगे। सूचना पर प्रयागराज के बहरिया थाने की पुलिस पहुंची ता पता चला कि घटना स्थल रानीगंज थाना क्षेत्र में है। हालांकि बहरिया के पुलिसकर्मी लोगों को ट्रैक्टर जलाने से रोकते हुए वीडियो बनाने लगे। बहरिया के कुछ सिपाही सादे कपड़ों में थे। ऐसे में आक्रोशित लोग उनसे मारपीट करने लगे। कुछ देर में सूचना पर रानीगंज एसओ विजयकांत सत्यार्थी, एसओ फतनपुर मनीष त्रिपाठी फोर्स के साथ पहुंच गए। आक्रोशित लोग ट्रैक्टर चालक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए और शव उठाने से रोक दिया। पुलिस ने भट्ठा मालिक को थाने बुलाया तो पता चला कि ट्रैक्टर दूसरे का था। उसका चालक वहां से ईंट खरीदकर बेचने जा रहा था। पुलिस ने परिजनों को आरोपी की गिरफ्तारी कर कार्रवाई करने का भरोसा दिया तो चार घंटे बाद शव पोस्टमार्टम लिए भेजा जा सका। एसओ विजयकांत सत्यार्थी ने बताया कि ट्रैक्टर कब्जे में ले लिया गया है। चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


