बेल्हा के विकास का नया खाका खींचेगा आरपीएस
Pratapgarh-kunda News - प्रतापगढ़ में जिले के विकास के लिए राइजिंग प्रतापगढ़ सोसाइटी का गठन किया गया है। डीएम शिव सहाय अवस्थी ने बताया कि सोसाइटी रोजगार और व्यवसाय के अवसरों की जानकारी पहुंचाएगी। जिले की सकारात्मक छवि बनाने और जनभागीदारी बढ़ाने के लिए कार्य शुरू किया गया है। मई में एक कॉन्क्लेव भी प्रस्तावित है।
प्रतापगढ़, संवाददाता। जिले के विकास का नया खाका तैयार करने के लिए राइजिंग प्रतापगढ़ सोसाइटी का गठन किया गया है। अब जिले के विकास की नई तस्वीर बनाने के लिए सोसाइटी के पदाधिकारी संकल्पित हैं। आने वाले कुछ दिनों में इसका असर दिखने लगेगा। यह बातें रविवार को आरपीएस के पदाधिकारियों की पहली बैठक के बाद डीएम शिव सहाय अवस्थी ने विकास भवन सभागार में पत्रकारों से कही। रविवार को विकास भवन सभागार में राइजिंग प्रतापगढ़ सोसाइटी (आरपीएस) की पहली बैठक हुई। सोसाइटी के अध्यक्ष डीएम शिव सहाय अवस्थी ने बताया कि जिले में रोजगार से लेकर व्यवसाय की तमाम संभावनाए हैं।
जनपद लखनऊ-वाराणसी-अयोध्या-प्रयागराज के मध्य बसा है। आंवला, आम और कृषि उत्पादों से लोग जुड़े हैं, इसके बाद भी अभी तक जिले का समुचित विकास नही हो पाया है। विकसित प्रतापगढ़ की संकल्पना को पूरा करने के लिये आरपीएस का गठन किया गया है। इसका मूल उद्देश्य रिकनेक्ट, रिफार्म, रिबिल्ट है, जिले को लेकर जो नकारात्मक छवि बनी हुई है उसको खत्म करना है। आरपीएस के बैनर तले चार अलग-अलग क्षेत्रों में प्रारम्भिक कार्य शुरू हो गया है। जिले में बड़ा निवेश लाने के लिए मई में दो दिवसीय कॉन्क्लेव प्रस्तावित है। राइजिंग प्रतापगढ़ सोसाइटी के चार प्रमुख उद्देश्य हैं। पहला जिले की सकारात्मक और बेहतर छवि बनाना। दूसरा जिले में मौजूद अवसरों की जानकारी लोगों तक पहुंचाना ताकि वे आगे बढ़ सकें। तीसरा जिले के ऐसे लोग जो बाहर रहकर विभिन्न क्षेत्रों में अच्छी पहचान बना चुके हैं, उन्हें जिले से जोड़कर उनके अनुभव व सहयोग से प्रतापगढ़ के समग्र विकास में योगदान सुनिश्चित करना। चौथा उद्देश्य यह है कि केन्द्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं में जनभागीदारी को बढ़ाया जाए।इससे पहले सोसइटी की बैठक में आरपीएस के संरक्षक राज्यसभा सांसद अमर पाल मौर्य ने अपनी निधि से जिले में पहले सांस्कृतिक केन्द्र का निर्माण कराने की घोषणा की। कहा कि मई में होने वाले कॉन्कलेव के लिये केंद्र, प्रदेश सरकार के जनप्रतिनिधि और उच्च अधिकारियों को भी आमंत्रित किया जाएगा। राज्यसभा सदस्य ने कहा कि केंद्र की योजनाओं से लेकर उद्यमियों और युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए सरकार की सभी योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा। विधायक सदर राजेंद्र कुमार मौर्य ने कहा कि आरपीएस निश्चित रूप से एक सकारात्मक पहल है इससे जिले की छवि बदलेगी और निवेश आयेगा। इस दौरान सांसद प्रतिनिधि बीएल वर्मा, आरपीएस के सचिव अंकुर केसरवानी, एसडीएम सदर नैन्सी सिंह, डीसी मनरेगा संतोष कुमार सिंह, आरपीएस के कोषाधिकारी राहुल खंडेलवाल, एडमिनिस्ट्रेटिव अफेयर्स हेड साहिदा खान, एडमिनिस्ट्रेटिव अफेयर्स सचिव बृजभानु सिंह, संयुक्त सचिव अनुभा पांडेय, प्रोजेक्टे कोऑर्डिनेटर उत्कृष्ट पांडेय, आदित्य शुक्ल आदि मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


