Pratapgarh Kunda News: पक्के रास्ते का इंतजार, कीचड़ ने रोका आवागमन
Pratapgarh Kunda News: शिवगढ़ के ग्राम पंचायत अवधानपुर की यादव बस्ती में 15 घर पक्के रास्ते से वंचित हैं। ग्रामीण तीसरी पीढ़ी से सही रास्ते का इंतजार कर रहे हैं। बारिश के दिनों में समस्या बढ़ जाती है। प्रधान ने रास्ते के निर्माण में असमर्थता जताई, जबकि बीडीओ ने पैमाइश का आश्वासन दिया है।
Pratapgarh Kunda News: बीरापुर, हिन्दुस्तान संवाद। विकासखंड शिवगढ़ की ग्राम पंचायत अवधानपुर स्थित यादव बस्ती के करीब 15 घर आज भी पक्के रास्ते की सुविधा से वंचित हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पक्के रास्ते के इंतजार में तीसरी पीढ़ी है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों के मुताबिक यादव बस्ती से प्रधान अवधानपुर राजेश जायसवाल के घर तक करीब 500 मीटर मार्ग का निर्माण नहीं होने से बरसात के दिनों में आवागमन की समस्या और गंभीर हो जाती है। रास्ते पर कीचड़ और जलभराव के कारण ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी होती है। ग्रामीणों का कहना है कि वे लंबे समय से रास्ते के निर्माण की मांग कर रहे हैं,लेकिन अब तक ठोस पहल नहीं हो सकी।
ग्रामीण हौसला प्रसाद यादव,रामनरेश यादव,महादेव यादव, कल्लू, वीरेंद्र कुमार यादव, राजकुमार यादव आदि ने मार्ग बनवाने की मांग की है। ग्राम प्रधान राजेश जायसवाल ने सरकारी अभिलेखों में मार्ग दर्ज नहीं होने का हवाला देते हुए रास्ते का निर्माण कराने में असमर्थता जताई। ग्रामीणों की शिकायत के बाद बीडीओ शिवगढ़ संजय कुमार झा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। बीडीओ ने राजस्व विभाग से मार्ग की पैमाइश कराकर नियमानुसार रास्ता निर्माण कराने का आश्वासन दिया है।


