ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश प्रतापगढ़ - कुंडानगर पालिका के सीमा विस्तार के विरोध में ग्राम प्रधान लामबंद

नगर पालिका के सीमा विस्तार के विरोध में ग्राम प्रधान लामबंद

नगर पालिका के सीमा विस्तार पर शासन की मुहर लगने के साथ ही विरोध के स्वर भी उठने लगे हैं। सीमा विस्तार में शामिल आधा दर्जन गांव के प्रधान बुधवार को कलक्ट्रेट पहुंचे और सीमा विस्तार में अनियमितता का...

नगर पालिका के सीमा विस्तार के विरोध में ग्राम प्रधान लामबंद
हिन्दुस्तान टीम,प्रतापगढ़ - कुंडाWed, 31 Jul 2019 11:04 PM
ऐप पर पढ़ें

नगर पालिका के सीमा विस्तार पर शासन की मुहर लगने के साथ ही विरोध के स्वर भी उठने लगे हैं। सीमा विस्तार में शामिल आधा दर्जन गांव के प्रधान बुधवार को कलक्ट्रेट पहुंचे और सीमा विस्तार में अनियमितता का आरोप लगाते हुए डीएम कार्यालय में ज्ञापन दिया।

लम्बे समय से नगर पालिका के सीमा विस्तार की कवायद चल रही थी। कई बार इस प्रस्ताव पर मंजूरी मिलते-मिलते अटक गई। लोग इसके पीछे राजनीतिक कारण बताते रहे। पखवाड़ाभर पूर्व नगर पालिका की ओर से भेजे गए प्रस्ताव को शासन ने हरी झंडी दे दी। यह बात समाचार पत्रों के माध्यम से सार्वजनिक हुई तो सीमा विस्तार में शामिल किए गए आधा दर्जन गांव के प्रधान अपने सहयोगियों के साथ बुधवार को कलक्ट्रेट पहुंच गए। ग्राम प्रधानों का आरोप है कि नगर पालिका सीमा विस्तार में मनमाने तरीके से ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया है। विस्तार में सबसे पहले नगर पालिका की सीमा से सटी ग्राम पंचायतों को शामिल किया जाना था जबकि इन ग्राम पंचायतों को दरकिनार कर अपनी मनपसंद ग्राम पंचायतों को नगर पालिका में शामिल कर दिया गया है। इस बाबत ज्ञापन ग्राम प्रधानों ने डीएम कार्यालय में दिया है जिसमें सीमा विस्तार में शामिल की गई ग्राम पंचायतों पर एक बार फिर से विचार करने का अनुरोध किया गया है। ज्ञापन देने वालों में करनपुर, सगरा, जोगापुर, दहिलामऊ के ग्राम प्रधान और उनके सहयोगी शामिल रहे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें