बारिश थमने के बाद बादल व धूप के कारण उमस तेजी से बढ़ती जा रही है। रात के तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस का उछाल देखा गया जबकि दिन का पारा स्थिर रहा। पछुआ हवा चलने से मौसम की नमी तेजी से खत्म हो रही है। हालांकि बादल बने रहने से बारिश के आसार दिख रहे हैं। मौसम विभाग भी बारिश का दावा कर रहा है।
गुरुवार शाम से बारिश का सिलसिला रुका हुआ है। हालांकि शुक्रवार की रात हल्की बारिश हुई थी। इसके बाद से आसमान में बादल बने हुए हैं। दिन में बादल के बीच कुछ देर के लिए धूप निकल रही है। शुक्रवार रात से हवा बदल गई। पछुआ के चलने से मौसम की नमी भी खत्म हो रही है। इसके चलते उमस तेजी से बढ़ रही है। इसका असर रात के तापमान पर दिखाई दिया। न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस का इजाफा देखा गया। हालांकि दिन का तापमान स्थिर रहा। सनई अनुसंधान केंद्र के मौसम विशेषज्ञ देशराज मीना ने बताया कि पुरवा हवा शुक्रवार रात से थम गई और पछुआ चल रही है। बादल व धूप की वजह से उमस बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि आसमान में बादल बने हुए हैं। ऐसे में बारिश होने की संभावना भी है।