ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश प्रतापगढ़ - कुंडारामपुर खास में खिला कमल तो पट्टी में पटकनी

रामपुर खास में खिला कमल तो पट्टी में पटकनी

रजवाड़ों के जिले में भाजपा का कमल दूसरी बार खिला। पहली बार 1998 में राम लहर में डॉ. राम विलास वेदांती जीते थे तो इस बार मोदी लहर ने संगमलाल गुप्ता को ताज पहनाया। हालांकि पिछली बार अपना दल के कुंवर...

रामपुर खास में खिला कमल तो पट्टी में पटकनी
हिन्दुस्तान टीम,प्रतापगढ़ - कुंडाFri, 24 May 2019 12:13 AM
ऐप पर पढ़ें

रजवाड़ों के जिले में भाजपा का कमल दूसरी बार खिला। पहली बार 1998 में राम लहर में डॉ. राम विलास वेदांती जीते थे तो इस बार मोदी लहर ने संगमलाल गुप्ता को ताज पहनाया। हालांकि पिछली बार अपना दल के कुंवर हरिवंश सिंह भी भाजपा से गठबंधन के कारण ही विजयी हुए थे। उनका चुनाव निशान कैंची था। अबकी तो हालत यह हुई कि पांच विधानसभा क्षेत्र में से चार में कोई विपक्षी उम्मीदवार संगमलाल के इर्द-गिर्द भी नहीं पहुंच सका। अपने सबसे मजबूत गढ़ रामपुर खास में भी पहली बार कांग्रेस की हालत काफी खराब हुई। वहां राजकुमारी रत्ना सिंह काफी पीछे रहीं। रानीगंज, विश्वनाथगंज और सदर में भी भाजपा को मतदाताओं ने पलकों पर बैठाया। कैबिनेट मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह (मोती) के पट्टी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की हार हुई।

रामपुर खास में संगमलाल को 77683 वोट मिले, जबकि कांग्रेस की राजकुमारी रत्ना सिंह को महज 44688 मत ही मिले। गठबंधन के अशोक त्रिपाठी को 25611 मत से संतोष करना पड़ा। रामपुर खास में कांग्रेस की हार वरिष्ठ कांग्रेसी प्रमोद तिवारी के लिए भी करारा झटका है। नौ बार यहीं से विधायक रहे प्रमोद का यह मजबूत गढ़ माना जाता है। मोदी लहर में प्रमोद ने अपने बेटी आराधना मिश्रा (मोना) को यहां से विधायक बनवाया था। पिछले लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस की उम्मीदवार रत्ना सिंह को सबसे ज्यादा वोट यहीं से मिले थे। पट्टी में संगमलाल 82415 वोट पा सके। वहां से सपा-बसपा के अशोक त्रिपाठी को 86155 वोट मिले। कांग्रेस को पट़्टी से 12049 और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अक्षय प्रताप सिंह को 6186 वोट मिले।

सबसे बड़े विधानसभा क्षेत्र विश्वनाथगंज में भाजपा का जलवा बरकरार रहा। वहां से अपना दल के डॉ. आरके वर्मा विधायक हैं। वहां भाजपा को 100876 मत मिले। दूसरे नंबर पर गठबंधन उम्मीदवार 60141 मत पा सके। जनसत्ता दल को 18408 व कांग्रेस को सिर्फ 7,776 वोट ही मिले। रानीगंज में करीबी मुकाबला देखने को मिला। वहां भाजपा के अभय कुमार उर्फ धीरज ओझा विधायक हैं। वहां भाजपा को 80 118 जबकि गठबंधन को 73 914 मत मिले। जनसत्ता दल ने वहां फिर कांग्रेस को पछ़ाड़ा। जनसत्ता दल को 6767 व कांग्रेस को 5180 वोट मिले। संगमलाल खुद सदर से विधायक हैं। वहां से उन्हें 91490 वोट मिले। दूसरे नंबर पर गठबंधन के अशोक को 69883 वोट मिले। जनसत्ता दल के अक्षय ने तीसरे नंबर पर रहते हुए 8929 वोट पाए। कांग्रेस को 6844 वोट ही मिले।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें