ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश प्रतापगढ़ - कुंडातेज हवा चली तो मिलेगी कोहरे से राहत

तेज हवा चली तो मिलेगी कोहरे से राहत

पछुआ हवा की धीमी रफ्तार और बादल की वजह से रात के तापमान में उछाल आया। दिन में तेज धूप के बावजूद अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। घने...

तेज हवा चली तो मिलेगी कोहरे से राहत
हिन्दुस्तान टीम,प्रतापगढ़ - कुंडाWed, 20 Jan 2021 05:01 PM
ऐप पर पढ़ें

पछुआ हवा की धीमी रफ्तार और बादल की वजह से रात के तापमान में उछाल आया। दिन में तेज धूप के बावजूद अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। घने कोहरे की वजह से राहगीरों को मुश्किल आई। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि कोहरा अभी लोगों को और परेशान करेगा। तेज हवा चलने पर ही कोहरे से राहत मिलने के आसार हैं।

मंगलवार शाम से ही कोहरे की शुरुआत हो गई। रात आठ बजे के बाद कोहरा घना होता गया। रातभर कोहरा व बादल बने रहे जबकि हवा की रफ्तार बेहद धीमी रही। इससे न्यूनतम तापमान 8.6 से उछलकर 10.0 डिग्री सेल्सियस पर जा पहुंचा। बुधवार सुबह घना कोहरा बने रहने की वजह से आसपास भी साफ नहीं दिखाई दे रहा था। कोहरे के बीच गलन भी बनी रही। सुबह दस बजे तक कोहरा बने रहने से राहगीरों को दिक्कत आई। हाईवे पर वाहनों की रफ्तार मंगलवार रात से ही बेहद धीमी हो गई थी।

बुधवार सुबह कोचिंग जाने वाले बच्चों को ठंड और कोहरे से मुश्किल आई। दस बजे के बाद धूप खिली लेकिन बादल फिर से छा गए। इसके बाद दोपहर तक धूप और छांव का खेल चलता रहा। दोपहर से धूप तेज हुई तो लोग इसका आनंद उठाते दिखे। तेज धूप के बावजूद अधिकतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस से फिसलकर 23.0 पर जा पहुंचा। सनई अनुसंधान केंद्र के मौसम विशेषज्ञ देशराज मीना ने बताया कि सर्द हवा के कारण ठंड बनी हुई है। रात में कोहरा बने रहने के पीछे हवा की चाल का बेहद धीमी होना है। अगर हवा तेज चली तो लोगों को कोहरे से राहत मिलेगी। फिलहाल कोहरे का संकट अभी बना रहेगा।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें