कार्यक्रम से लौट रहे परिजनों पर हमला, एक आरोपी हिरासत में
Pratapgarh-kunda News - गौरा में एक परिवार पर हमला हुआ, जब वे एक पारिवारिक कार्यक्रम से लौट रहे थे। चार से पांच युवकों ने उनकी बाइक रोकी और मारपीट शुरू की। परिवार की कार में मौजूद लोगों पर भी हमला हुआ और महिलाओं के गहने छीने गए। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और मामले की जांच कर रही है।
गौरा, हिन्दुस्तान संवाद। पारिवारिक कार्यक्रम से घर लौट रहे कार सवार परिवार पर हमला, दुर्व्यवहार व आभूषण छीनने का भी आरोप लगाया गया है। मामले में पुलिस एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ में जुटी है। फ़तनपुर थाना क्षेत्र के सुरवामिश्रपुर अगंदा का पूरा गांव निवासी सुशील कुमार पांडेय ने पुलिस को तहरीर दी। इसमें उन्होंने आरोप लगाया कि सोमवार को रानीगंज थाना क्षेत्र के बोर्रा गांव निवासी अपनी बहन के यहां आयोजित पारिवारिक कार्यक्रम में गए थे। वहां से रात करीब 10:45 बजे वह कार से घर लौट रहे थे। उनके साथ बाइक पर परिवार के दो युवक भी चल रहे थे।

जैसे ही सभी लोग फतनपुर थाने के भुजैनी नहर के गेट के पास पहुंचे अचानक वहां पहले से मौजूद 4-5 युवकों ने उनकी बाइक रोक ली और बिना किसी कारण मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच कार से पीछे आ रहे सुशील पांडेय भी मौके पर पहुंच गए। कार में उनकी पत्नी, बेटी और दो अन्य लोग मौजूद थे। सुशील ने कार रोकी तो बदमाशों ने उन पर भी हमला कर दिया। आरोप है कि बदमाशों ने महिलाओं के गहने भी छीन लिए और परिवार के सदस्यों के साथ दुर्व्यवहार किया। उन्होंने मदद के लिए डायल 112 पर कॉल किया। पुलिस मौके पर पहुंची और वहां से एक बदमाश को पकड़कर थाने ले गई। थानाध्यक्ष फतनपुर मनीष कुमार त्रिपाठी ने बताया कि दो पक्ष में मारपीट हुई है। मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


