ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश प्रतापगढ़ - कुंडा17 महीने से बिना मानदेय काम कर रहे कर्मचारी

17 महीने से बिना मानदेय काम कर रहे कर्मचारी

घर-परिवार से प्रताड़ित महिलाओं को एक ही छत के नीचे न्याय दिलाने के लिए स्थापित किए गए वन स्टॉप सेंटर के कर्मचारी 17 महीने से खुद न्याय की गुहार लगा...

17 महीने से बिना मानदेय काम कर रहे कर्मचारी
हिन्दुस्तान टीम,प्रतापगढ़ - कुंडाFri, 28 Jan 2022 11:20 PM
ऐप पर पढ़ें

प्रतापगढ़। घर-परिवार से प्रताड़ित महिलाओं को एक ही छत के नीचे न्याय दिलाने के लिए स्थापित किए गए वन स्टॉप सेंटर के कर्मचारी 17 महीने से खुद न्याय की गुहार लगा रहे हैं लेकिन अफसर सुनने को तैयार नहीं हैं। बिना मानदेय 17 महीने से काम कर रहे कर्मचारी साहूकारों से कर्ज लेकर परिवार का भरण पोषण कर रहे हैं।

जिले की ऐसी महिलाएं जो किसी न किसी तरह से प्रताड़ना की शिकार हैं, उन्हें एक ही छत के नीचे इलाज सहित न्याय मुहैया कराने के लिए पुरानी महिला अस्पताल के पीछे वन स्टॉप सेंटर की स्थापना की गई है। इसमें महिला पुलिस, चिकित्सक, काउंसलर की तैनाती की गई है। इसका संचालन जिला प्रोबेशन अधिकारी के जिम्मे है। वन स्टॉप सेंटर पर तैनात 10 कर्मचारियों में सात महिला और तीन पुरुष हैं। इसमें तैनात किए गए कर्मचारियों को अगस्त 2020 से मानदेय नहीं दिया गया है। शुरुआत में पांच महीने तक मानदेय नहीं मिलने पर कर्मचारियों ने जिला प्रोबेशन अधिकारी से इसकी शिकायत की तो उन्होंने बताया कि नामित की गई संस्था का एग्रीमेंट समाप्त हो गया है, रिन्यूअल होते ही भुगतान कर दिया जाएगा। इसके बाद नामित संस्था को हटाकर दूसरी संस्था का चयन कर लिया गया लेकिन कर्मचारियों के मानदेय का भुगतान नहीं किया गया। अब 17 महीने से अधिक समय बिना मानदेय के बीत चुका है लेकिन कर्मचारी ड्यूटी पर डटे हैं।

कई कर्मचारियों ने साहूकारों से लिया है कर्ज

वन स्टॉप सेंटर पर तैनात किए गए कर्मचारी गैर जनपद से आए हैं। ऐसे में मानदेय नहीं मिलने के कारण कइयों ने साहूकारों से कर्ज ले रखा है। कई ऐसे हैं जिनका मकान मालिक किराया नहीं मिलने के कारण मकान खाली करने का अल्टीमेटम दे रहा है। अब सवाल यह है कि जिले की प्रताड़ित महिलाओं को एक ही छत के नीचे न्याय मुहैया कराने के लिए बनाए गए वन स्टाप सेंटर की महिलाओं को न्याय कहां से मिलेगा।

इनका कहना है

कर्मचारियों ने मानदेय नहीं मिलने की शिकायत जिलाधिकारी से की थी। जिसकी जांच डीपीआरओ कर रहे थे। उन्होंने जांच रिपोर्ट डीएम कार्यालय प्रेषित कर दी है। मुझे अपना स्पष्टीकरण देना है जो शनिवार को दे दूंगा। इसके बाद मानदेय भुगतान एक सप्ताह के अंदर कर दिया जाएगा।

रनबहादुर वर्मा, जिला प्रोबेशन अधिकारी

यह हिन्दुस्तान अखबार की ऑटेमेटेड न्यूज फीड है, इसे लाइव हिन्दुस्तान की टीम ने संपादित नहीं किया है।
हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें