
बच्चों को दिए जाने वाले सभी सिरप की जांच शुरू
Pratapgarh-kunda News - प्रतापगढ़ में बच्चों के सिरप की सैंपलिंग का दायरा बढ़ाया गया है। ड्रग विभाग ने 8 प्रकार के सिरप की जांच शुरू की है, जिसमें कोल्ड्रिफ सिरप भी शामिल है। जांच के लिए सैंपल लखनऊ भेजे जा रहे हैं। विभाग ने...
प्रतापगढ़, संवाददाता जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी के निर्देश पर शुरू हुए बच्चों के सिरप के सैंपलिंग का दायरा ड्रग विभाग की टीम ने बढ़ा दिया है। अभी तक सिर्फ कोल्ड्रिफ सिरप के फार्मूले से मिलते जुलते सिरप की ही जांच और सैंपलिंग की जा रही थी। लेकिन शुक्रवार को औषधि विभाग ने इसमें बच्चों को दिए जाने वाले आठ प्रकार के सिरप को शामिल कर लिया है। बाल रोग के निजी क्लीनिक/अस्पताल में जांच कर सैंपलिंग की जा रही है। एमपी में जहरीले कोल्ड्रिफ कफ सिरप से बच्चों की मौत के मामले में औषधि विभाग ने अपनी जांच का दायरा बढ़ाते हुए शुक्रवार को बच्चों का इलाज करने वाले निजी चिकित्सकों के क्लीनिक व अस्पताल की चेकिंग की।

जिला मुख्यालय और तहसीलों की बाजारों में निजी चिकित्सकों के अस्पताल में जाकर सिरप की जांच कर सैंपलिंग की। ड्रग इंस्पेक्टर शिव कुमार नायक का कहना है कि शुक्रवार को बच्चों के इलाज में काम आने वाले पैरासीटामॉल प्लेन सिरप, एम्ब्रॉक्जॉल सिरप, ब्रॉम्हेक्सिन सिरप, साल्बूटामॉल सिरप व लिवोसिट्रीजिन सिरप सहित 8 प्रकार के सिरप को चेक लिस्ट में शामिल कर उनकी सैंपलिंग की गई। इनके सैंपल लेकर स्पेशल मैसेंजर से लखनऊ भेजे गए। इस दौरान चिकित्सकों से बात कर औषधि विभाग की टीम उन्हें डीएम के निर्देश बता रही है। जिसमें कहा गया कि छोटे बच्चों को सिरप देने में सावधानी बरती जाए। जरूरी होने पर पूरी छानबीन के बाद ही सिरप दिए जाएं। इसी क्रम में औषधि विभाग की टीम को जो सिरप संदिग्ध लग रहे हैं उनके सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। इसके पहले लालगंज, साहबगंज, जलेशरगंज व हीरागंज आदि इलाके में टीम ने छापेमारी कर बच्चों के सिरप के 10 सैंपल लखनऊ भेजे थे। उनमें से यदि किसी सैंपल में नुकसानदायक सॉल्ट मिला तो उसकी रिपोर्ट प्रक्रिया के तहत आएगी लेकिन औषधि निरीक्षक के व्हाट्सएप नम्बर पर लखनऊ से मिनी रिपोर्ट तुरंत आ जाएगी। जिस पर जिले में तत्काल कार्रवाई शुरू हो जाएगी। कार्रवाई में देरी न होने पाए इसीलिए सैंपल के लिए स्पेशल मैसेंजर की व्यवस्था की गई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


