Pratapgarh Kunda News: अधूरे आरआर सेंटरों का निर्माण शीघ्र पूर्ण कराएं : सीडीओ
Pratapgarh Kunda News: प्रतापगढ़ में सीडीओ डॉ. राममोहन मीना की अध्यक्षता में जिला स्वच्छता समिति एवं गोबरधन समिति की बैठक सम्पन्न हुई। वित्तीय वर्ष 2026-27 में शौचालयों के निर्माण एवं आरआरसी केंद्रों के विकास पर चर्चा की गई। गोबरधन योजना के तहत बायोगैस प्लांट की स्थापना का भी लक्ष्य प्राप्त हुआ है।

Pratapgarh Kunda News: प्रतापगढ़, संवाददाता। विकास भवन सभागार में शुक्रवार को सीडीओ डॉ. राममोहन मीना की अध्यक्षता में जिला स्वच्छता समिति एवं गोबरधन समिति की बैठक सम्पन्न हुई। सीडीओ ने कहा कि शौचालयों की रिपेयरिंग और निर्माणाधीन आरआरसी सेंटरों का निर्माण शीघ्र पूर्ण कराएं। स्वच्छता सम्बंधी कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शौचालयों का निर्माण
डीपीआरओ श्रीकांत दर्वे ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में जिले को 17,975 व्यक्तिगत शौचालयों के निर्माण का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इसके सापेक्ष अब तक 5,416 लाभार्थियों को प्रथम किस्त जारी की जा चुकी है, जबकि शेष 12,559 लाभार्थियों को प्रथम किस्त जारी करने की प्रक्रिया चल रही है। समीक्षा में बताया गया कि जिले की 1148 ग्राम पंचायतों में से 934 ग्राम पंचायतों में आरआरसी का निर्माण पूरा हो चुका है, जिनमें से 819 केंद्र संचालित हैं। शेष 214 आरआरसी में 22 ग्राम पंचायतों में भूमि उपलब्ध न होने के कारण निर्माण नहीं हो सका है, जबकि अन्य 192 केंद्रों के निर्माण की प्रक्रिया जारी है।
गोबरधन योजना
गोबरधन योजना में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में जनपद को दूसरे सामुदायिक बायोगैस प्लांट की स्थापना का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इसके लिए विकास खंड लक्ष्मणपुर की ग्राम पंचायत देवली स्थित जिले की दूसरी सबसे बड़ी गोशाला का चयन किया गया है। बैठक में यह भी बताया गया कि विकास खंड लालगंज की ग्राम पंचायत पहाड़पुर स्थित गोशाला में 45 घन मीटर क्षमता का बायोगैस प्लांट विगत तीन वर्षों से संचालित हो रहा है। अरुणा ग्रीन बेंचर्स को 45 घन मीटर बायोगैस के निर्माण के लिए चयन किये जाने का प्रस्ताव प्रस्तावित है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी देवब्रत सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी नागेंद्र कुमार मौर्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल रहे।


