
सई तट पर साफ-सफाई कर दिया स्वच्छता का संदेश
Pratapgarh-kunda News - बुधवार को मां बेल्हा देवी धाम के सई तट पर वन कर्मियों ने स्वच्छता अभियान चलाया। उन्होंने नदी में से कचरा निकालकर नगरपालिका कर्मियों को सौंपा और मंदिर परिसर में पौधों की सफाई की। अभियान का उद्देश्य भक्तों को बेहतर अनुभव देना और नदी के जल को साफ रखना है।
मां बेल्हा देवी धाम के सई तट पर बुधवार को वन कर्मियों की ओर से साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया गया। वनकर्मियों ने सई नदी के पानी में घुसकर कचरा निकाला और उसे बोरे में भरकर पालिका कर्मियों को निस्तारित करने के लिए सौंप दिया। अंत में धाम परिसर में गमलों में लगे दर्जन भर पौधों की साफ-सफाई की गई। मां बेल्हा देवी धाम के सई नदी तट पर बुधवार की सुबह वन विभाग के कर्मचारी विभाग से जुड़े सफाई कर्मियों के साथ पहुंचे। कर्मचारियों ने सफाई अभियान चलाकर तट पर बिखरी गंदगी और कूड़ा कचरा साफ किया। घाट से और पानी के अंदर से निकाला गया कचरा कर्मचारियों ने बोरे में भरकर नगरपालिका प्रशासन को सौंप दिया।
इसके बाद मंदिर परिसर के गमलों में लगाए गए करीब दर्जनभर पौधों को भी साफ-सुथरा किया गया। टैक्सो नामिस्ट रूपेंद्र कुमार यादव ने बताया कि सई नदी तट पर साफ सफाई कराने का उद्देश्य यहां दर्शन पूजन के लिए आने वाले भक्तों को सहूलियत देना है। श्रद्धालुओं को चाहिए कि नदी में फूल माला, नारियल के टुकड़े व कूड़ा आदि डालने से बचें, जिससे नदी का जल साफ सुथरा रहे। अभियान में बायोलाजिस्ट डॉ. गौरीशंकर, डॉ. लक्ष्मीकांत, डीपीओ शिवम यादव, आलोक शुक्ल आदि शामिल रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




