
खराब प्रगति वाले आठ सेक्रेटरी पर कार्रवाई के निर्देश
Pratapgarh-kunda News - विकास कार्यक्रमों की समीक्षा में, सीडीओ डॉ. दिव्या मिश्रा ने आठ सेक्रेटरी के खिलाफ कार्रवाई की। कुंडा के सेक्रेटरी ने ई-केवाईसी में केवल 22% प्रगति की, जबकि अन्य सेक्रेटरी भी अनुपस्थित और अप्रत्याशित प्रगति के लिए जिम्मेदार पाए गए। कई सेक्रेटरी के वेतन रोकने और विभागीय कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
विकास कार्यक्रमों की समीक्षा में खराब प्रगति वाले अलग अलग विकास खंड के आठ सेक्रेटरी को सीडीओ डॉ. दिव्या मिश्रा के कोपभाजन का शिकार होना पड़ा। सीडीओ ने कुछ के वेतन रोकने तो कुछ के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने का निर्देश सम्बंधित बीडीओ को दिया है। विकास कार्यक्रमों की समीक्षा शुक्रवार को डॉ. दिव्या मिश्रा ने विकास भवन सभागार में की। विकास खंड कुंडा की समीक्षा में खुलासा हुआ कि सेक्रेटरी प्रभुनाथ प्रसाद ने ई-केवाईसी में महज 22 प्रतिशत और फैमिली आईडी में 220 लक्ष्य के सापेक्ष महज 38 की पूर्ति की है। सीडीओ ने सम्बंधित सेक्रेटरी को प्रतिकूल प्रविष्टि देने का निर्देश बीडीओ को दिया।
विकास खंड बाबागंज की समीक्षा में सेक्रेटरी धीरेन्द्र शुक्ल, संजय कुमार जायसवाल व सुनील कुमार अनुपस्थित मिले और इनकी प्रगति भी अपेक्षित नहीं रही। ऐसे में इनके विरूद्ध विभागीय कार्यवाही करने के लिए प्रस्ताव मांगा। बिहार की समीक्षा में सेक्रेटरी अनुराग यादव की प्रगति खराब मिलने पर अनुशासनिक कार्यवाही का निर्देश दिया। गौआश्रय स्थलों में पूलिंग की धनराशि के अन्तरण की समीक्षा में पट्टी के सेक्रेटरी मनोज कुमार श्रीवास्तव की प्रगति अपेक्षित नहीं मिली। इनका वेतन अगले आदेश तक रोकने का निर्देश दिया। बीडीओ गौरा ने बताया कि सेक्रेटरी रणजीत व पूनम यादव की ओर से फैमिली आईडी बनवाने में रुचि नहीं ली जा रही है। दोनों सेक्रेटरी का वेतन अगले आदेश तक रोकने का निर्देश दिया। बैठक में पीडी दयाराम यादव, डीसी मनरेगा संतोष सिंह, डीसी एनआरएलएम देवकुमार यादव, डीपीआरओ श्रीकांत दर्वे सहित सभी बीडीओ और एडीओ पंचायत शामिल रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




