Hindi NewsUttar-pradesh NewsPratapgarh-kunda NewsBig Scam in Pratapgarh Health Department Equipment Purchases

टेंडर से बचने को एक ही दिन टुकड़ों में की 38 लाख की खरीदारी

Pratapgarh-kunda News - प्रतापगढ़ के स्वास्थ्य विभाग में उपकरणों की खरीद में बड़ा घोटाला सामने आया है। टेंडर से बचने के लिए एक ही दिन में एक ही फर्म को अलग-अलग बिल पर भुगतान किया गया। यह खेल नियमों के खिलाफ बताया जा रहा है...

Newswrap हिन्दुस्तान, प्रतापगढ़ - कुंडाThu, 6 Feb 2025 10:38 PM
share Share
Follow Us on
टेंडर से बचने को एक ही दिन टुकड़ों में की 38 लाख की खरीदारी

प्रतापगढ़, वरिष्ठ संवाददाता। जिले के स्वास्थ्य विभाग में उपकरणों की खरीद में बड़ा खेल हुआ है। टेंडर से बचने के लिए अलग-अलग टुकड़ों में उपकरणों की खरीद की गई। एक ही दिन में अलग-अलग बिल पर भुगतान भी किया गया। यही सामान एक अन्य फर्म से भी उसी दिन खरीदा गया। स्वास्थ्य उपकरणों की खरीद में किया गया गोलमाल विभाग के साथ ही सामान आपूर्ति करने वालों में खासा चर्चा में है। सरकारी विभागों में 10 लाख रुपये से अधिक की खरीदारी पर टेंडर निकालने से बचने के लिए यह खेल किया गया। स्वास्थ्य विभाग में सर्जिकल उपकरण, ग्लब्स सहित अन्य सामान की खरीदारी के लिए टेंडर से बचते हुए अपने करीबी फर्म से आपूर्ति ली गई। यह खेल आठ नवंबर 2024 को हुआ। शिव सर्जिकल नामक फर्म से उपकरणों की खरीद पर एक ही दिन में 7,77,150 रुपये का तीन अलग-अलग प्रति बिल भुगतान किया गया। जानकारों का कहना है कि एक ही दिन में एक ही फर्म को तीन अलग-अलग भुगतान करना नियमों के विपरीत है।

इसके बाद 28 नवंबर को भी इसी फर्म को 7.77 लाख रुपये का भुगतान किया गया। जानकारों का कहना है कि ऐसा नियम के विपरीत किया गया है। सिर्फ बंदरबांट के लिए एक ही फर्म को एक ही दिन में इतनी बड़ी धनराशि का भुगतान टुकड़ों में किया गया।

....

आकार अलग पर सबकी दर एक समान

स्वास्थ्य विभाग ने ग्लब्स की अलग-अलग आकार की खरीदारी की। मीडियम और स्मॉल साइज के ग्लब्स का एक ही रेट 11 रुपये प्रति पीस लगाया गया।

दो अन्य फर्म से भी उसी दिन खरीदारी

स्वास्थ्य उपकरणों की दूसरी खरीदारी शिव सर्जिकल फर्म से 28 नवंबर को की गई थी। इसी दिन एक अन्य फर्म अन्नू इंटर प्राइजेज से भी 7.77 लाख की खरीदारी की गई। जानकारी यह खरीद भी नियमों के विपरीत बताते हैं। हालांकि चर्चा यह भी है कि दोनों फर्म का संचालन एक ही व्यक्ति करता है।

इनका कहना है

यह वित्तीय मामला है, बिना देखे ज्यादा कुछ नहीं कहा जा सकता। एक ही दिन में एक ही सामान के लिए अलग अलग भुगतान की जानकारी की जाएगी। अगर कुछ नियम के खिलाफ होगा तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

-डॉ. एएन प्रसाद, सीएमओ

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें