वृद्ध की चाकू से गला रेतकर हत्या का प्रयास
Pratapgarh-kunda News - कुंडा में एक 70 वर्षीय वृद्ध जगदेव पटेल की रात को हत्या का प्रयास किया गया। हमलावर ने चाकू से गला रेतने और सिर पर पत्थर से हमला किया। घायल को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

कुंडा, संवाददाता। रात को घर के बाहर छप्पर में तख्त पर सो रहे वृद्ध की चाकू से गला रेतकर हत्या का प्रयास किया गया। हमलावर ने सिर पर पत्थर से भी हमला किया। चीख सुनकर परिजन दौड़े तो हमलावर भाग निकला। घायल को गंभीर हालत में निजी अस्प्ताल से प्रयागराज ले जाया गया है। पुलिस ने पत्नी की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ जानलेवा हमले का केस दर्ज किया है। हथिगवां थाना क्षेत्र के कल्याणगढ़ बरना गांव निवासी 70 वर्षीय जगदेव पटेल शनिवार रात अपने घर के सामने बने छप्पर में तख्त पर सो रहा था। रात 2:15 बजे एक व्यक्ति ने सोते समय उस पर चाकू से हमला कर दिया।
वह उसका गला रेतकर हत्या का प्रयास करने लगा। जगदेव चीखने लगा तो परिवार के लोग दौड़े तभी हमलावर पास में रखे पत्थर से सिर पर प्रहार कर दिया। सूचना पर एसओ सत्येन्द्र सिंह पुलिस टीम के साथ पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से घायल को निजी अस्पताल ले गए। वहां से प्रयागराज ले जाया गया। घटना की जानकारी पर अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी वृजनंदन राय ने भी मौके पर पहुंचकर आसपास के लोगों से घटना की जानकारी ली। घायल का बेटा अमित कुमार सऊदी अरब में रहता है। उसे फोन पर घटना की जानकारी दी गई है। एसओ सत्येन्द्र सिंह ने बताया कि हमलावर के बारे में जानकारी की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


