कबाड़ हो जाएंगे बेल्हा के 5010 पुराने वाहन
केन्द्रीय बजट में पुराने वाहनों के लिए घोषित स्क्रैप पॉलिसी लागू होने से जिले के 5010 वाहन कबाड़ हो जाएंगे। इसमें 3207 निजी वाहन व 1803 कॉमर्शियल वाहन...
केन्द्रीय बजट में पुराने वाहनों के लिए घोषित स्क्रैप पॉलिसी लागू होने से जिले के 5010 वाहन कबाड़ हो जाएंगे। इसमें 3207 निजी वाहन व 1803 कॉमर्शियल वाहन हैं। सरकार ने इस पॉलिसी से पर्यावरण संतुलित करने का प्रयास किया है।
सोमवार को घोषित केन्द्रीय बजट में कहा गया है कि प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों को सड़क से हटाया जाएगा। इसके लिए 20 वर्ष पुराने निजी वाहन व 15 वर्ष पुराने कॉमर्शियल वाहनों पर स्क्रैप पॉलिसी लागू की जाएगी। इस दायरे में बेल्हा के 5010 वाहन आ रहे हैं। स्क्रैप पॉलिसी लागू किए जाने पर यह सभी वाहन कबाड़ घोषित हो जाएंगे। माना जा रहा है कि इससे पर्यावरण को संतुलित रखने में मदद मिलेगी, साथ ही ऑटो सेक्टर पर सकारात्मक प्रभाव दिखेगा। इस बाबत एआरटीओ सुशील कुमार मिश्र ने बताया कि स्क्रैप पॉलिसी के तहत कार्यालय में पंजीकृत 3207 निजी वाहन 20 वर्ष पुराने हो चुके हैं जबकि 1807 कॉमर्शियल वाहन 15 वर्ष की उम्र पूरी कर चुके हैं। पॉलिसी लागू होने के बाद यह सभी सड़क से हटा दिए जाएंगे।
वाहन स्वामियों में मायूसी : केन्द्रीय बजट में स्क्रैप पॉलिसी लागू करने की घोषणा से पुराने वाहन स्वामियों के चेहरे पर मायूसी छा गई है। गड़वारा के ट्रांसपोर्टर राजनारायण कहते हैं कि इससे वाहन स्वामियों को बड़ा झटका लगेगा। नए वाहनों की बिक्री में इजाफा हो सकता है। इसी तरह महुली के राकेश कुमार का कहना है कि स्क्रैप पॉलिसी से पुराने वाहनों के खरीदार नहीं मिलेंगे। नई कार खरीदने वालों की संख्या बढ़ सकती है।