यूपी में बिजली की मांग का रिकॉर्ड टूटा, ऊर्जा मंत्री एके शर्मा बोले- संकट के नाम पर बदनाम किया जा रहा

Yogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share

यूपी में बिजली की डिमांड ने पिछले साल के रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया है। रविवार की रात बिजली की डिमांड अब तक के सबसे ज्यादा 31774 मेगावॉट के स्तर पर पहुंच गई। 

यूपी में बिजली की मांग का रिकॉर्ड टूटा, ऊर्जा मंत्री एके शर्मा बोले- संकट के नाम पर बदनाम किया जा रहा

UP News: यूपी में बिजली की अधिकतम मांग का बीते साल का रिकॉर्ड रविवार देर रात टूट गया। रात दस बजे के बाद 31,774 मेगावॉट मांग दर्ज की गई। बीते साल अधिकतम मांग जून की उमस में 31,486 मेगावॉट दर्ज की गई थी। ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा कि, कोई माने या न माने यूपी देश में सबसे ज्यादा बिजली आपूर्ति करने वाला राज्य है। अपना पिछला कीर्तिमान तोड़ते हुए अधिकतम मांग का नया रिकॉर्ड बनाया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि बिजली संकट की बातें कहकर बदनाम किया जा रहा है। बहुत कम जगहों पर बिजली की दिक्कतें हैं।

कुछ गांवों और मुहल्लों में ही दिक्कत

राज्य में बिजली संकट जैसे हालात को ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने यूपी को बदनाम करने की साजिश करार दिया है। उन्होंने रविवार को अपने सोशल मीडिया हैंडल 'एक्स' पर पोस्ट किया कि पहले सिर्फ पांच गांवों में बिजली आती थी तो उन्हें समस्या नहीं लगती थी। अब कुछ गांव या कुछ शहरों के मोहल्लों में व्यवधान आता है तो बड़ी बात बन जाती है।

Voice of UP

एके शर्मा ने कहा कि पूरे राज्य में हर गांव, हर गली में रोस्टर के मुताबिक बिजली आपूर्ति की जा रही है। लोग यूपी को बदनाम कर रहे हैं। ये लोग यूपी में ‘बत्ती गुल’, ‘बिजली संकट’ और ‘बिजली व्यवस्था ध्वस्त’ जैसी छवि बनाते और बनवाते हैं। यह राज्य का और उसके विद्युत कर्मियों का अपमान है।

कहा कि प्रदेश के 75 जिलों में लगभग 58 हजार ग्राम पंचायतें हैं। लगभग तीन लाख विद्युतीकृत गांव और मजरे हैं। सब जगह विद्युत आपूर्ति हो रही है। 762 नगरीय निकाय हैं, जिनमें 17 नगर निगम, 200 नगर पालिका और 545 नगर पंचायतें आती हैं। इनमें भी निरंतर विद्युत आपूर्ति जारी है। जिन जगहों पर बिजली आपूर्ति में आई समस्या का उदाहरण दिया जा रहा है, वे गिनती की जगहें हैं। जिनमें कुछ ग्रामीण क्षेत्र तथा चार-पांच शहरों के कुछ ही मोहल्ले हैं। उन्हें भी दो दिन पहले ही ठीक कर लिया गया है। राज्य के 503 विधायकों-एमएलसी में से सभी से सम्पर्क में रहता हूं।

परम्परागत समस्याओं के निराकरण के लिए सुझाव लेता रहता हूं। इनमें से बिजली व्यवस्था पर हाल में पांच लोगों के कुछ सुझाव भी मिले हैं। उन पर भी काम होगा। भीषण गर्मी में बढ़ी हुई मांग के बीच स्थानिक तकनीकी, प्राकृतिक या मानवीय कारणों से कहीं-कहीं आकस्मिक समस्या आ रही है। उन्हें ठीक करते हुए हम जनता की सेवा में निरंतर लगे हैं। आपका संयम और सहयोग प्रार्थनीय है।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।