सपा के जाल में नहीं फंसेंगी महिलाएं, डिंपल के अपमान को लेकर पूजा पाल ने अखिलेश यादव को घेरा

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

यूपी विधानसभा चुनाव के लिए महिलाओं को लेकर समाजवादी पार्टी के ऐलान पर भाजपा ने तीखा हमला किया है। एक तरफ पूजा पाल ने डिंपल के अपमान का मामला उठाया तो दूसरी तरफ केशव प्रसाद मौर्य और पंकज चौधरी ने भी पुराने मामले याद दिलाए हैं।

Pooja Pal targets Akhilesh yadav
समाजवादी पार्टी की बागी विधायक पूजा पाल (फाइल फोटो)

यूपी विधानसभा चुनाव में सत्ता की चाबी मानी जा रही महिलाओं को लेकर समाजवादी पार्टी ने बुधवार को कई घोषणाएं कीं। इसे लेकर सपा से ही विधायक बनीं और बगावत कर भाजपा में पदाधिकारी बन चुकीं विधायक पूजा पाल ने अखिलेश यादव को निशाने पर लिया है। पूजा पाल ने कहा कि महिलाएं सपा के जाल में नहीं फंसने वाली हैं। उन्होंने एक मौलाना के डिंपल यादव पर टिप्पणी का जिक्र करते हुए कहा कि जब वह अपनी पत्नी के अपमान का बदला नहीं ले सके तो यूपी की आम महिलाओं के सम्मान की रक्षा क्या करेंगे। महिलाएं उनके जाल में नहीं फंसने वाली हैं। इसी मामले को लेकर यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी अखिलेश को निशाने पर लिया है।

पूजा पाल ने कहा कि अखिलेश यादव का महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा की बात करना हास्यास्पद है। समाजवादी सरकार में महिलाओं के साथ किस तरह का व्यवहार और छेड़खानी की घटनाएं होती थीं, सभी ने देखा है। आज चुनाव को लेकर जो महिला कार्ड खेला जा रहा है, वह काम नहीं आने वाला है। महिलाएं सपा के दौर को भूल नहीं पाई हैं।

रोली मिश्रा की घटना याद दिलाई

पूजा पाल ने कहा कि सपा प्रवक्ता रहीं रोली मिश्रा के साथ पार्टी के ही कार्यकर्ताओं ने जिस तरह का व्यवहार किया था, सभी ने देखा है। रोली ने तो अखिलेश यादव को भी अपना दर्द बताया लेकिन कुछ नहीं किया गया। जो अपनी प्रवक्ता के सम्मान के लिए कुछ नहीं कर सका, वह महिलाओं के सम्मान के लिए क्या कर सकता है।

गेस्ट हाउस कांड को लेकर भी निशाना

जब मौलाना ने डिंपल यादव पर भद्दा कमेंट किया, कई दिनों तक वह कमेंट चर्चा का विषय बना रहा लेकिन अखिलेश यादव ने कुछ नहीं किया। राजनीति के लिए जब अखिलेश अपनी पत्नी के अपमान का बदला नहीं ले सके तो यूपी की महिलाओं के लिए क्या करेंगे। पूजा पाल ने मायावती के साथ मुलायम सिंह यादव की सरकार में हुए गेस्ट हाउस कांड की भी याद दिलाते हुए कहा कि एक दलित मुख्यमंत्री के साथ समाजवादी पार्टी के गुंडों ने क्या किया, सभी ने देखा है। समाजवादी सरकार आती है तो महिलाओं-बच्चियों के साथ क्या होता है, सभी महिलाएं जानती हैं। चुनाव के लिए सपा कितना भी बरगलाए लेकिन महिलाएं इनके जाल में इस बार फंसने वाली नहीं हैं।

सपा के मुंह से महिला सुरक्षा-सम्मान की बात छलावा : केशव

वहीं, यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने महिलाओं के लिए योजनाओं का वादा करने पर सपा पर तीखा हमला किया है। उन्होंने बुधवार को कहा कि सपा के मुंह से महिला सुरक्षा और सम्मान की बात महज छलावा है। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि यूपी ने 2012-17 के दरम्यान सपा की गुंडागर्दी, अपराध, माफिया, दंगाइयों और भ्रष्टाचारियों के संरक्षण वाली राजनीति न केवल देखी है, बल्कि काफी हद तक सही भी है।

कहा कि यह कतई साफ है कि सपा मुखिया अखिलेश यादव को 2027 से 2047 तक यूपी की सत्ता और उनके दिल्ली वाले गार्जियन कांग्रेस के जेन-जी नेता राहुल गांधी को 2049 तक देश की सत्ता मिलने वाली नहीं है। दोनों भविष्य के नाम पर फर्जी वादे बेच रहे हैं। सपा के पीडीए यानी, ‘परिवार डेवलपमेंट एजेंसी' की हकीकत यूपी की महिलाएं बेहतर तरीके से समझती हैं और वे सपा की चाल, जाल और झांसे में नहीं आएंगी।

सपा को हार की हैट्रिक लगवाने को तैयार जनताः पंकज चौधरी

वहीं, यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि अपने पुराने पाप ढंकने के लिए सपा अध्यक्ष ने नई घोषणाओं का मुखौटा बनाया है। जिस सपा के शासनकाल में कानून-व्यवस्था को लेकर प्रदेश बदनाम था, महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठते थे, अपराध और अराजकता की खबरें सुर्खियां बनती थीं, सत्ता का संरक्षण और परिवारवाद राजनीति की पहचान बन चुका था, वही सपा आज विकास, महिला सम्मान और सुरक्षा की बातें कर रही है।

पंकज चौधरी ने सवाल किया कि जब सत्ता आपके हाथ में थी तब नारी सम्मान की याद क्यों नहीं आई? तब हर तहसील में कॉलेज, हर जिले में बेहतर अस्पताल और महिलाओं की सुरक्षा के लिए मजबूत व्यवस्था क्यों नहीं बनाई? यह वही सपा है जिसकी राजनीति में 'प्रदेश से पहले परिवार', 'सुशासन से पहले गुंडाराज' आता है। अब वही पार्टी महिलाओं को लैपटॉप, मोबाइल और आर्थिक सहायता देने के सपने दिखा रही है।

कहा कि सपा अध्यक्ष भूल चुके हैं कि उत्तर प्रदेश की जनता अब 'खोखली घोषणाओं और चुनावी लॉलीपॉप' से बहकने वाली नहीं है। सपा द्वारा अतीत में की गई वादाखिलाफ़ी और पाप को जनता अब तक नहीं भूली है और सत्ताइस में सपा को 'हार की हैट्रिक' लगवाने के लिए तैयार है।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsसपा के जाल में नहीं फंसेंगी महिलाएं,डिंपल के अपमान पर पूजा पाल ने अखिलेश को घेरा