सीएम योगी के आने से ठीक पहले बदला इस जिले का समीकरण, भाजपा नेता की अखिलेश से मुलाकात

बरेली मुख्य संवाददाता
share

यूपी विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक समीकरणों को दुरुस्त करने में नेता लग गए हैं। ऐसा ही नजारा सीएम योगी के दौरे से ठीक पहले बरेली में देखने को मिला है। भाजपा के दो बार के सांसद और पिछले चुनाव में आंवला से प्रत्याशी रहे धर्मेंद्र कश्यप ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव से मुलाकात की है।

BJP leader Dharmendra Kashyap met Akhilesh yadav
लखनऊ में सपा प्रमुख अखिलेश यादव के साथ भाजपा के पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप और बरेली के अन्य नेता।

बरेली, मुख्य संवाददाता। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर खेमेबाजी और राजनीतिक गहमागमहमी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को बरेली के दौरे पर आ रहे हैं। इससे ठीक पहले जिले का राजनीतिक समीकरण बदल गया है। आंवला से लगातार दो बार सांसद और पिछले चुनाव में भाजपा प्रत्याशी रहे धर्मेंद्र कश्यप ने फेसबुक पर इस्तीफा पोस्ट कर रविवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव से मुलाकात की। बेटी कीर्ति के साथ अखिलेश से मिले धर्मेंद्र कश्यप ने उसके लिए बिथरी चैनपुर सीट पर दावा भी ठोंक दिया है। इससे समाजवादी पार्टी में भी हलचल तेज हो गई। वीरपाल अपने बेटे डॉ. देवेंद्र यादव के लिए इस सीट से टिकट की पैरवी कर रहे थे। बताया जाता है कि अखिलेश ने वीरपाल को लखनऊ बुलाकर समीकरणों पर चर्चा भी की है।

मुख्यमंत्री मंगलवार को करीब साढ़े तीन घंटे बरेली में रहेंगे। इस दौरान बरेली और मुरादाबाद मंडल के नौ जिलों के करीब पांच हजार ग्राम प्रहरियों से संवाद कर उन्हें सम्मानित करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री बरेली क्लब मैदान में बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक विधान परिषद सीट से भाजपा प्रत्याशी हरि सिंह ढिल्लो के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां पूरी करने में ताकत झोंक दी है। सुरक्षा व्यवस्था के साथ सड़कों की मरम्मत और सभा स्थल पर वाटरप्रूफ पंडाल की व्यवस्था की गई है।

धर्मेंद्र कश्यप के कदम से बढ़ी गहमागहमी

आंवला के पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप के पिछले तीन चार दिनों में उठाए गए कदमों से जिले में गहमागहमी बढ़ गई है। भाजपा से इस्तीफा देने के बाद धर्मेंद्र कश्यप ने समाजवादी पार्टी का रुख किया है। रविवार को लखनऊ में सपा प्रमुख अखिलेश यादव से मुलाकात के बाद उनके पार्टी में शामिल होने की चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, इसकी विधिवत घोषणा 27 अक्टूबर को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में की जाएगी। इस दौरान अखिलेश यादव की मौजूदगी में धर्मेंद्र कश्यप अपने समर्थकों के साथ सपा में शामिल होंगे।

बेटी और दामाद को लेकर सपा प्रमुख से मुलाकात

रविवार को धर्मेंद्र कश्यप ने अपनी बेटी कीर्ति कश्यप और दामाद के साथ अखिलेश यादव से मुलाकात की। इस दौरान बरेली के सपा जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव, वरिष्ठ सपा नेता वीरपाल सिंह यादव और पूर्व मंत्री भगवत शरण गंगवार भी मौजूद रहे। मुलाकात की तस्वीर सामने आने के बाद जिले के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

धर्मेंद्र कश्यप लंबे समय तक बरेली और आंवला क्षेत्र की राजनीति में सक्रिय हैं। ऐसे में उनके सपा में जाने से जिले के राजनीतिक समीकरणों पर असर पड़ने की चर्चा है। खासकर बिथरी चैनपुर विधानसभा सीट को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो सकती हैं।

बेटी कीर्ति को बिथरी से चुनाव लड़ाने की तैयारी

धर्मेंद्र कश्यप पहले ही अपनी बेटी कीर्ति कश्यप को बिथरी चैनपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ाने की इच्छा जता चुके हैं। ऐसे में बेटी के साथ अखिलेश यादव से उनकी मुलाकात को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, कीर्ति कश्यप की उम्मीदवारी को लेकर सपा की ओर से अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

वीरपाल के आंवला प्रभारी बनते ही विरोधी सक्रिय

समाजवादी पार्टी में रविवार को लखनऊ में हुई मुलाकातों के बाद बरेली की सियासत में हलचल तेज हो गई है। सपा के वरिष्ठ नेता वीरपाल सिंह यादव को आंवला विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी बनाए जाने पर पार्टी के भीतर विरोध के सुर उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि वीरपाल अपने बेटे डॉ. देवेंद्र यादव के लिए बिथरी चैनपुर सीट से टिकट की पैरवी कर रहे थे।

वहीं, पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप अपनी बेटी कीर्ति कश्यप को इसी सीट से चुनाव लड़ाने की तैयारी में हैं। इस समस्या का समाधान करने के लिए सपा प्रमुख ने वीरपाल सिंह यादव को लखनऊ बुलाकर समीकरणों पर चर्चा की। इसके लिए पूर्व मंत्री भगवत शरण गंगवार को भी बुलाया गया था। चर्चा के बाद वीरपाल सिंह यादव को आंवला विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी बना दिया गया। इसे उनकी राजनीतिक भूमिका के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

दरअसल, सपा में विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी बनाए जाने को कई बार टिकट की दावेदारी से जोड़कर देखा जाता है। ऐसे में वीरपाल को आंवला की जिम्मेदारी मिलने के बाद उनके वहां से चुनाव लड़ने की अटकलें तेज हो गई हैं। बताया जा रहा है कि इस घटनाक्रम की जानकारी मिलने के बाद पार्टी में ही वीरपाल के कुछ विरोधी नेता भी रविवार शाम लखनऊ रवाना हो गए, जिससे स्थिति अनुकूल हो सके। हालांकि, आंवला या बिथरी सीट से किसी की उम्मीदवारी की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsयोगी के आने से ठीक पहले बदला इस जिले का समीकरण, भाजपा नेता की अखिलेश से मुलाकात