दिशा पाटनी के घर फायरिंग में पुलिस को मिले अहम सुराग, भागने के रूट का पता चला

Sep 17, 2025 11:00 am ISTAjay Singh मुख्य संवाददाता, बरेली
share

12 सितंबर की सुबह तड़के 3:30 बजे उनके पिता रिटायर्ड DSP जगदीश पाटनी के घर गोल्ड बराड़ गैंग ने नौ राउंड फायरिंग कराई थी। घटना के बाद गोल्डी बराड़ गैंग के गैंगस्टर रोहित गोदारा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट और वीडियो डालकर इस घटना की जिम्मेदारी ली। पुलिस और एसटीएफ की नौ टीमें इन शूटर्स की तलाश में जुटी हैं।

दिशा पाटनी के घर फायरिंग में पुलिस को मिले अहम सुराग, भागने के रूट का पता चला

Disha Patani" data-vars-link-type="Auto" data-vars-page-type="story">Disha Patani: बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी के पिता रिटायर्ड डीएसपी जगदीश पाटनी के घर फायरिंग के मामले में तमाम अहम साक्ष्य मिले हैं। अभिनेत्री के घर हमले में इस्तेमाल बाइक की नंबर प्लेट पर पेंट लगा हुआ है। इससे बाइक को ट्रेस करते हुए पुलिस को कई सुराग मिले हैं। पुलिस का दावा है कि वारदात के बाद गोल्डी बराड़ गैंग के दोनों शूटर रामपुर की ओर से उत्तराखंड के रुद्रपुर भागे हैं। रुद्रपुर की अंतिम लोकेशन मिलने पर पुलिस की एक टीम उनकी तलाश में वहां भेजी गई है।

अभिनेत्री दिशा पाटनी की बड़ी बहन रिटायर्ड मेजर खुशबू पाटनी ने 29 जुलाई को लड़कियों पर की गई बयानबाजी को लेकर कथावाचक अनिरुद्धाचार्य के खिलाफ सोशल मीडिया पोस्ट की थी। इसको लेकर ही 12 सितंबर की सुबह तड़के 3:30 बजे उनके पिता रिटायर्ड डीएसपी जगदीश पाटनी के घर गोल्ड बराड़ गैंग ने नौ राउंड फायरिंग कराई थी। घटना के बाद गोल्डी बराड़ गैंग के गैंगस्टर रोहित गोदारा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट और वीडियो डालकर इस घटना की जिम्मेदारी ली। पुलिस और एसटीएफ की नौ टीमें इन शूटर्स की तलाश में जुटी हैं। अब तक की जांच में सामने आया है कि शूटर नैनीताल रोड से भोजीपुरा टोल के बाद देवरनिया होकर भागे। शूटर्स की बाइक बाइक शीशगढ़ और फिर रामपुर में दिखी। रूट के हिसाब से पुलिस आगे बढ़ी तो शूटर्स की लोकेशन उत्तराखंड के रुद्रपुर में मिली। इसके बाद पुलिस की एक टीम इनकी तलाश में रुद्रपुर भेजी गई है।

भाड़े के शूटर होने की आशंका, देखे जा रहे एटीएम के कैमरे

भाड़े के शूटर होने की आशंका पर भी पुलिस काम कर रही है। कहा जा रहा है कि अगर भाड़े के शूटर होंगे तो वारदात के बाद तत्काल रकम ट्रांसफर हुई होगी, जिसे निकालकर वे आगे बढ़े होंगे। इस आशंका को देखते हुए पुलिस चौपुला के अलावा आसपास के सभी एटीएम के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देख रही है। इसके अलावा भागने में इस्तेमाल रूट के सीसीटीवी कैमरे भी देखे जा रहे हैं।

वारदात के बाद उल्टी-सीधी दिशा में भागते हैं सदस्य

दिल्ली पहुंची पुलिस टीम से इनपुट मिला है कि गोल्डी बराड़ गैंग के सदस्य वारदात के लिए कभी भी सीधे रूट का इस्तेमाल नहीं करते। वारदात के बाद वे हमेशा यू टर्न लेकर घुमावदार रास्तों का इस्तेमाल कर रूट पर चलते हैं ताकि सीसीटीवी कैमरों से बच सकें। इस वारदात में भी इसी तरह के साक्ष्य मिले हैं। दिशा पाटनी के घर फायरिंग के बाद बदमाश मिनी बाईपास होकर भोजीपुरा टोल प्लाजा तक पहुंचे। वहां से घुमावदार रास्तों से देवरनिया, शीशगढ़ होकर रामपुर निकल गए।

सिर्फ धमकी देने के लिए ही बनाया था अकाउंट

दिशा पाटनी के घर फायरिंग के बाद फेसबुक के जिस अकाउंट से धमकी दी गई थी, उसे डिलीट कर दिया गया है। जांच में सामने आया है कि यह अकाउंट सिर्फ धमकी देने के लिए ही बनाया गया था। दिशा पाटनी के पिता के घर शुक्रवार तड़के 3:30 बजे नौ राउंड फायरिंग की गई लेकिन दिन भर इसको लेकर कोई सुगबुगाहट नहीं हुई। पुलिस मामले को दबाए रही। इस पर शाम को रोहित गोदारा गोल्डी बराड़ के नाम से फेसबुक पर एक अकाउंट बनाया गया।

पेंट से ट्रेस हुई बाइक रामपुर में मिली

वारदात में इस्तेमाल अपाचे बाइक की नंबर प्लेट पर पेंट लगा हुआ है, जिसकी मदद से पुलिस उसे तलाश कर रही है। पुलिस की दो टीमों ने मंगलवार को रामपुर में बरेली रोड के साथ ही रामपुर-बिलासपुर रोड और मिलक-बिलासपुर रोड पर सड़क किनारे लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। रामपुर-बिलासपुर रोड के सीसीटीवी में शूटर्स की फुटेज मिलने की बात कही जा रही है। इसी आधार पर पुलिस शूटर्स की तलाश करते हुए उत्तराखंड के रुद्रपुर तक पहुंची है। कहा जा रहा है कि शूटर्स ने रुद्रपुर जाने के लिए जानबूझ कर कई जगह यू टर्न लेकर घुमावदार रूट अपनाया है, ताकि पुलिस उन्हें ट्रेस न कर सके।

Ajay Singh

लेखक के बारे में

Ajay Singh

अजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।