Hindi NewsUP Newspolice arrived at Bhojpuri star Pawan Singh's house as soon as his wife Jyoti arrived, causing huge uproar
भोजपुरी स्टार पवन सिंह के घर हंगामा, पत्नी ज्योति के पहुंचते ही आ गई पुलिस, देखिए लाइव वीडियो

भोजपुरी स्टार पवन सिंह के घर हंगामा, पत्नी ज्योति के पहुंचते ही आ गई पुलिस, देखिए लाइव वीडियो

संक्षेप:

भोजपुरी स्टार पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह रविवार को अचानक उनके लखनऊ स्थित घर पहुंच गईं। पत्नी के घर पहुंचते ही पुलिस भी वहां आ धमकी और ज्योति को अपने साथ थाने चलने के लिए कहा। इस पर ज्योति ने साफ इनकार कर दिया।

Oct 05, 2025 09:28 pm ISTYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

भोजपुरी स्टार पवन सिंह की निजी जिंदगी एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है। उनकी पत्नी ज्योति सिंह लखनऊ स्थित घर पहुंची तो पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने ज्योति को अपने साथ थाने चलने को कहा तो उन्होंने जाने से साफ इनकार कर दिया। पुलिस से केस के बारे में पूछा और कहा कि वारंट लेकर आइए तब ही चलेंगे। इंस्टाग्राम पर लाइव आकर ज्योति ने पवन सिंह पर कई आरोप लगाए। रोते-बिलखते हुए कहा कि जो अपनी पत्नी को पकड़ने के लिए पुलिस भेज रहा है वह समाजसेवा क्या करेगा। इसके साथ ही आम लोगों से इंसाफ की गुहार लगाई और आत्महत्या की धमकी तक दे डाली।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

ज्योति सिंह ने इंस्टाग्राम पर लाइव आकर बताया कि वे पति से मिलने लखनऊ स्थित उनके घर पहुंची थीं, लेकिन वहां उनका स्वागत पुलिस ने किया। ज्योति ने वीडियो में कहा कि अभी मैं पवन जी के घर पर आई हूं। लेकिन उन्होंने हमारे खिलाफ पुलिस थाने में एफआईआर कराई है। मैं यहां जनता के कहने पर आई थी, लेकिन देखिए, ये लोग मुझे थाने ले जाने आए हैं। वे सिसकते हुए आगे बोलीं, मैं उनकी पत्नी हूं, फिर भी मुझे बेइज्जत किया जा रहा है।

वीडियो में ज्योति महिला पुलिसकर्मी से पूछती है कि किस केस में आप मुझे ले जा रही हैं। इस पर पुलिसकर्मी ने जवाब दिया कि कोई केस नहीं है, थाना प्रभारी ने बुलाया है। आप वहां बैठकर आराम से बात करिए। जब ज्योति ने वजह पूछी, तो पुलिस ने बताया कि उनका कोर्ट केस चल रहा है, जिसमें दोनों पक्षों ने शिकायतें दर्ज की हैं। पुलिस ने कहा कि अगर आपने आरोप लगाया कि आपके पति ने मारपीट की या मर्डर की धमकी दी तो यह कानून के तहत आता है। यह आपके लिए भी सुरक्षित नहीं है। ज्योति ने कहा कि मामला केवल मेनटेनेंस का है, मारपीट या मर्डर का नहीं है।

आत्महत्या की धमकी

ज्योति ने वीडियो में रोते हुए अपने वकील से बात की और दावा किया कि थाना प्रभारी उन्हें धमकी दे रहे हैं कि अगर वे थाने नहीं गईं तो झूठा केस दर्ज होगा। वे बोलीं कि मुझे पागल कर देंगे ये लोग। मैं अपने पति के घर आई, फिर भी एफआईआर क्यों? अगर जनता इंसाफ नहीं करेगी तो मैं इसी घर में जहर खाकर मर जाऊंगी। इसी घर से मेरी लाश जाएगी। ज्योति ने खुद को एक सीधी-सादी घर की बहू-बेटी बताते हुए कहा कि वे ऐसी बेइज्जती बर्दाश्त नहीं कर सकतीं।

पवन पर गंभीर आरोप

ज्योति ने पवन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पवन जी समाज की सेवा करेंगे, सुधार करेंगे। चुनाव के दौरान मुझे बुलाकर प्रचार कराया, लेकिन 20 दिन बाद किसी लड़की के साथ होटल गए। यह कोई पत्नी कैसे बर्दाश्त करेगी। त्योति ने दावा किया कि पवन ने उनके साथ धोखा किया है।

आने से पहले ज्योति ने सोशल मीडिया पर अपडेट की थी पोस्ट

आने से पहले ज्योति ने सोशल मीडिया पर पोस्ट अपडेट की थी। इसमें लिखा था कि प्रिय पतिदेव श्री पवन सिंह जी, मैं कल आप से एवं आपके परिवार से मिलने आपके निवास स्थान लखनऊ में आ रही हूं। मुझे उम्मीद ही नहीं, पूर्ण विश्वास है कि आप मुझसे जरूर मिलेंगे। अगर आप कहीं और भी होंगे तो मैं आपका इंतजार अगले दो दिन तक वहां करुंगी या फिर आप जहां भी मुझे बुलाएंगे मैं वहां भी मिलने आ जाऊंगी, तो विनम्र विनती है कि आप मुझसे जरूर मिलें। बहुत सारी बातें एवं बहुत कुछ निर्णय आपके साथ बैठकर लेना है, इसलिए आप प्लीज मुझसे जरूर मिलिएगा।

वहीं, पुलिस उपायुक्त निपुण अग्रवाल के अनुसार पवन सिंह और ज्योति का पारिवारिक विवाद चल रहा है। ज्योति पहुंची थीं। उन्हें अपार्टमेंट के गार्ड ने फ्लैट में जाने से रोका था। सूचना पर पुलिस पहुंची थी। इसके बाद पवन सिंह के भाई फ्लैट से निकले और ज्योति अंदर चली गईं।

गौरतलब है कि ज्योति और पवन सिंह की शादी 2018 को हुई थी, लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही उनके रिश्ते में दरार आ गई और मामला कोर्ट तक पहुंच गया। इस घटना ने एक बार फिर उनकी निजी जिंदगी को चर्चा में ला दिया है। पवन सिंह पिछले ही हफ्ते अमित शाह समेत एनडीए के तमाम नेताओं से मिले थे। बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव से इसे जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि इस बार पवन सिंह बीजेपी की तरफ से उतर सकते हैं।