परिवार की दबंगई के आगे बेबस दिखी पुलिस, दरोगा का कॉलर पकड़ा; चिल्लाती रहीं महिलाएं

Feb 23, 2026 03:56 pm ISTAjay Singh संवाददाता, देवरिया
share

परिवार के एक सदस्य ने दरोगा का कॉलर पकड़ लिया। सिपाही और अन्य पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो ईंट उठा लिया। इस दौरान वहां मौजूद कुछ महिलाएं पुलिस टीम पर चिल्लाती रहीं। परिवार के अक्रामक तेवर देख पुलिस बैकफुट पर आती दिखी। पता चला कि पुलिस टीम मौके से वापस लौट गई।

परिवार की दबंगई के आगे बेबस दिखी पुलिस, दरोगा का कॉलर पकड़ा; चिल्लाती रहीं महिलाएं

यूपी के देवरिया जिले में एक परिवार की दबंगई के आगे पुलिस टीम बेबस नजर आई। इस परिवार के एक सदस्य ने दरोगा का कॉलर पकड़ लिया। सिपाही और अन्य पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो ईंट उठा लिया। इस दौरान वहां मौजूद कुछ महिलाएं पुलिस टीम पर लगातार चिल्लाती रहीं। परिवार के अक्रामक तेवर देख पुलिस बैकफुट पर आती दिखी। पता चला कि पुलिस टीम मौके से वापस लौट गई। घटना का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि ‘लाइव हिन्दुस्तान’ वायरल हो रहे वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।

मामला देवरिया के मईल थाना क्षेत्र के चकरा गोसाई गांव का बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि पुलिस पंचायत भवन की चहारदीवारी के पास मिट्टी की अवैध कटान रोकने पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी ने दरोगा का कॉलर पकड़ लिया। पुलिस को शिकायत मिली थी कि आरोपी ने पंचायत भवन की चहारदीवारी से सटाकर मिट्टी काट दी जिससे दीवार ढह गई। आरोपी की जमीन भी पंचायत भवन के बगल में ही है। गांव के पुराने पंचायत भवन में ही चकरा गोसाई पुलिस चौकी भी है। मिली जानकारी के अनुसार इस मामले की शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस टीम में दरोगा के अलावा कुछ सिपाही थे। पुलिस टीम ने आरोपी से काम रोकने को कहा तो वह उग्र हो गया। उसने गाली-गलौज शुरू कर दी। यही नहीं दरोगा का कॉलर भी पकड़ लिया। इस दौरान दूसरे पुलिस कर्मी ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की तो आरोपी उससे भी भिड़ गया। उसने पुलिस टीम पर ईंट उठा ली।

आरोपी के ईंट उठा लेने के बाद पुलिस टीम बैकफुट पर आ गई। पुलिसकर्मियों ने आरोपी से ईंट नीचे रखने को कहा और बातचीत की कोशिश करने लगे। लेकिन आरोपी पूरी तरह उग्र था। उधर, वहां मौजूद कुछ महिलाएं भी पुलिस टीम पर पहले हाथ छोड़ने का आरोप लगाते हुए लगातार चिल्ला रहीं थीं। महिलाएं पुलिसवालों से बार-बार पूछ रही थीं कि हाथ कैसे छोड़ा। आरोपी, उसका परिवार और मौके पर मौजूद महिलाएं पुलिस टीम पर इस तरह हावी हुईं कि उन्हें महिला सिपाहियों को भी मौके पर बुलाना पड़ा। इसके बाद भी आरोपी और उसके परिवार के तेवर ढीले नहीं पड़े। ईंटों से हमले की धमकी के चलते पुलिस को पीछे हटना पड़ा। घटना का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। हालांकि ‘लाइव हिन्दुस्तान’ वायरल हो रहे वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।

आरोपी पर केस दर्ज

मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने इस मामले में पांच के खिलाफ नामजद और छह अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। मईल थानेदार ने मीडिया को बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Ajay Singh

लेखक के बारे में

Ajay Singh

अजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result 2026 Live, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।