अयोध्या-काशी से अमृत भारत ट्रेनें, किसानों को बोनस, पीएम मोदी वाराणसी से आज देंगे अरबों की सौगात

वाराणसी, विशेष संवाददाता
Follow us on Google News
share

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय वाराणसी दौरे पर 6,332 करोड़ रुपये की 163 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। वह अयोध्या-मुंबई और बनारस-पुणे अमृत भारत ट्रेनों का शुभारंभ करेंगे और दुग्ध उत्पादक किसानों को 105 करोड़ रुपये का बोनस देंगे।

अयोध्या-काशी से अमृत भारत ट्रेनें, किसानों को बोनस, पीएम मोदी वाराणसी से आज देंगे अरबों की सौगात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन के प्रवास पर मंगलवार को काशी आ रहे हैं। यहां 6,332 करोड़ रुपये की 163 परियोजनाओं की सौगात देंगे। मंच से बनारस-पुणे और अयोध्या-मुंबई दो नई अमृत भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। वह बरेका इंटर कॉलेज मैदान में जनआक्रोश महिला सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री का दो दिन में लगभग 20 घंटे का प्रवास होगा। 29 अप्रैल को वह बरेका से काशी विश्वनाथ मंदिर तक करीब 15 किमी की यात्रा कर लोगों से जुड़ने का प्रयास करेंगे।

एमएलसी एवं प्रदेश भाजपा सह प्रवक्ता धर्मेंद्र सिंह के मुताबिक पांच माह के लंबे अंतराल के बाद प्रधानमंत्री का 54वां दौरा होने जा रहा है। हर बार की तरह मोदी एक बार फिर काशीवासियों की झोली में अरबों रुपये की सौगात देंगे। इनमें 1054.69 करोड़ की 50 योजनाओं का लोकार्पण और 5277.39 करोड़ की 113 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इसके साथ ही बनास (अमूल) से जुड़े प्रदेश के लाखों दुग्ध उत्पादक किसानों को 105 करोड़ रुपये का बोनस भी ट्रांसफर भी करेंगे।

महिला सम्मान, सुरक्षा, स्वावलंबन पर करेंगे संवाद

बरेका इंटर कॉलेज मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 हजार से अधिक मातृशक्ति के सम्मेलन को संबोधित करेंगे। खास यह कि सम्मेलन में मंच से गैलरी तक केवल महिलाओं की मौजूदगी रहेगी। महिला सम्मान, सुरक्षा, स्वावलंबन और समान अवसर जैसे मुद्दों पर मोदी उनसे संवाद करेंगे।

राज्यपाल, सीएम एवं भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष करेंगे अगवानी

प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक मोदी दोपहर दो बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पर आएंगे। यहां उनकी अगवानी राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक के साथ ही स्थानीय मंत्री तथा बीजेपी के वरिष्ठ पदाधिकारी करेंगे।

अयोध्या से मुंबई अमृत भारत का वर्चुअल उद्घाटन

अयोध्या। रामनगरी अयोध्या से मुम्बई के लिए अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन का शुभारंभ पीएम मोदी वाराणसी से वर्चुअल रूप से हरी झंडी दिखाकर करेंगे। यह ट्रेन अयोध्या धाम जंक्शन से शाम 04.45 बजे रवाना होगी।

अयोध्या से मुम्बई के बीच आधुनिक सुविधाओं से युक्त अमृत भारत एक्सप्रेस का नियमित रूप से (ट्रेन संख्या- 22111/22112) के रूप में परिचालन किया जाएगा। हालांकि अभी समय सारिणी और किराया नहीं तय हुआ है। मंगलवार को पहले फेरे में ट्रेन नंबर- 02212 अयोध्या धाम- लोकमान्य तिलक टर्मिनस अमृत भारत इनॉगरल स्पेशल के रूप में चलेगी। इस ट्रेन में स्लीपर और जनरल कोच के साथ आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होगी।

इसमें बेहतर सीटिंग/बर्थ, एलईडी लाइटिंग, सीसीटीवी, सुधरी हुई हाइजीनिक टॉयलेट की सुविधा रहेगी। इस ट्रेन का ठहराव सुल्तानपुर, मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़, प्रयागराज, मानिकपुर, सतना, जबलपुर, इटारसी, भुसावल, जलगांव, नासिक रोड, कल्याण, ठाणे होगा। ट्रेन में 22 कोच होंगे। यह ट्रेन साप्ताहिक रूप से संचालित की जाएगी। ट्रेन लगभग 1500 किलोमीटर की दूरी 26 घंटे 20 मिनट में तय करेगी।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।