पीएम मोदी के मंच पर महिलाओं को जगह, वाराणसी में स्टेज पर योगी के अलावा सिर्फ एक पुरुष नेता

लाइव हिन्दुस्तान, वाराणसी, विशेष संवाददाता
Follow us on Google News
share

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी दौरे पर महिला सम्मेलन को संबोधित करेंगे। बरेका इंटर कॉलेज में होने वाले इस कार्यक्रम के मंच पर पीएम और सीएम के अलावा केवल एक पुरुष नेता होगा, अन्य सभी महिला जनप्रतिनिधि होंगी। 

पीएम मोदी के मंच पर महिलाओं को जगह, वाराणसी में स्टेज पर योगी के अलावा सिर्फ एक पुरुष नेता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बुधवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी का 54वां दौरा होने जा रहा है। यह दौरा कई मायनों में खास बनने जा रहा है। दौरे के केंद्र बिंदु में नारी शक्ति वंदन अधिनियम है। बरेका इंटर कॉलेज में आयोजित जनाक्रोश महिला सम्मेलन में मंच से दर्शक दीर्घा तक में सिर्फ महिलाओं की भागीदारी होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ सीएम योगी आदित्यनाथ और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के अलावा सभी महिलाएं मंच साझा करेंगी। अन्य पुरुष जनप्रतिनिधियों और नेताओं को वीआईपी गैलरी में बैठाया जाएगा।

भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष दिलीप पटेल ने बताया कि प्रधानमंत्री का काशी दौरा मातृशक्ति को समर्पित होगा। सम्मेलन स्थल पर हर वर्ग की महिलाओं की मौजूदगी का प्रयास जारी है। व्यवस्था में जुटे कार्यकर्ताओं को छोड़ किसी पुरुष की कार्यक्रम एंट्री नहीं होगी। प्रधानमंत्री के साथ राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और 25 महिला जनप्रतिनिधि मंच पर मौजूद रहेंगी।

इनमें प्रधान, पार्षद, सभासद, जिला पंचायत अध्यक्ष और सदस्य शामिल होंगी। कई पूर्व महिला जनप्रतिनिधियों को भी मौका मिल सकता है। क्षेत्रीय अध्यक्ष औऱ महानगर अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री के साथ मंच साझा करने वाली महिलाओं का चयन शुरू दिया है। आयोजकों का दावा है कि प्रधानमंत्री का 54वां काशी दौरा सरकार के प्रति महिला समर्थन और विपक्ष के खिलाफ आक्रोश का व्यापक मंच बनेगा।

लाइजनिंग से मंच तक की कमान महिलाओं के हाथ में

कार्यक्रम स्थल पर लाइजनिंग से मंच तक की कमान महिला कार्यकर्ताओं और समाजसेवियों के हाथों में होगी। कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा व्यवस्था महिला पुलिस अधिकारियों को सौंपी गई है। वाराणसी के अलावा आसपास के जिलों की पुलिस फोर्स बुलाई गई है।

हर पार्षद अपने वार्ड से 100 महिलाएं लाए

गुलाब बाग (सिगरा) स्थित कार्यालय में रविवार को महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने पार्षदों और पूर्व पार्षदों की बैठक की। कहा कि जनाक्रोश महिला सम्मेलन में हर पार्षद अपने वार्ड से सौ महिलाएं लेकर पहुंचे। महापौर अशोक तिवारी ने कहा कि हमारी पहचान संगठन से है। हमें उसकी अपेक्षा पर खरा उतरना होगा।

घर-घर महिलाओं को कर रहे आमंत्रित

रोहनियां स्थित भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय में क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने रविवार को पदाधिकारियों की बैठक की। इसमें जनाक्रोश महिला सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन की तैयारी को अंतिम रूप दिया गया। कहा कि सम्मेलन में 50 हजार महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। इसके लिए महिला मोर्चा की टीमें जिले और महानगर की सभी विधानसभा क्षेत्रों में घर-घर संपर्क करें। बैठक में सीटिंग, वाहन पार्किंग, पेयजल, मीडिया और सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा की गई।

महिलाओं के बीच में गोल्फकार्ट से जाएंगे मोदी

बरेका इंटर कॉलेज में जनाक्रोश महिला सम्मेलन के मंच पर जाने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंडाल में बैंठी महिलाओं के बीच गोल्फकार्ट से जाएंगे। महिलाओं के बैठने के लिए 42 ब्लॉक बनाए गए हैं। पूरे पंडाल को छह सेक्टर में बांटा गया है। गोल्फकार्ट से प्रधानमंत्री पंडाल में करीब 12 फीट चौड़े कॉरिडोर से हर सेक्टर में महिलाओं से संवाद करेंगे। इससे पहले संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के मैदान में आयोजित सम्मेलन में भी वह गोल्फकार्ट से महिलाओं के बीच गए थे।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।