
पीएम मोदी आज देश को देंगे प्रेरणा स्थल की सौगात, कभी था कूड़े का ढेर, लोग बदल लेते थे रास्ता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी गुरुवार को लखनऊ आ रहे हैं। अटल बिहारी वाजपेयी की 101 वीं जयंती पर पीएम मोदी देश को राष्ट्र प्रेरणा स्थल की सौगात देंगे। प्रेरणा स्थल का लोकार्पण करने के साथ ही यहां लगी अटल बिहारी वाजपेयी, श्यामा प्रसाद मुखर्जी और दीनदयाल उपाध्याय की मूर्तियों का भी अनावरण करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी गुरुवार को राजधानी लखनऊ आ रहे हैं। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के मौके पर पीएम मोदी देश को राष्ट्र प्रेरणा स्थल की सौगात देंगे। इस दौरान यहां बनी तीन विभूतियों अटल बिहारी वापजेयी, श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पं. दीन दयाल उपाध्याय की कांस्य की भव्य प्रतिमाओं का अनावरण भी करेंगे। तीनों विभूतियों के संस्मरणों को संजोने के लिए यहां म्यूजियम भी बनाया गया है। पीएम मोदी इस म्यूजियम का निरीक्षण भी करेंगे। प्रेरणा स्थल ऐसी जगह बनाया गया है जहां कभी कूड़े का ढेर था। लोग यहां आने से भी कतराते थे और रास्ता बदलकर निकलते थे। पीएम के आगमन को देखते हुए पूरा शहर हाई अलर्ट पर है। प्रेरणा स्थल पर ही प्रधानमंत्री सेना के विशेष हेलीकॉप्टर से उतरेंगे।
65 एकड़ में विकसित भव्य राष्ट्र प्रेरणा स्थल लगभग 230 करोड़ की लागत से तैयार हुआ है। यह स्थल न केवल स्थापत्य की दृष्टि से अद्वितीय है, बल्कि भारतीय राजनीति व राष्ट्रनिर्माण को दिशा देने वाली महान विभूतियों को समर्पित एक प्रेरणा केंद्र भी है।लोकार्पण समारोह के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। करीब 1.25 लाख कुर्सियां लगाई गई हैं, ताकि लोग बैठकर प्रधानमंत्री का संबोधन सुन सकें।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसपीजी, खुफिया विभाग और तीनों सेनाओं के वरिष्ठ अधिकारी पिछले तीन दिनों से लखनऊ में डेरा डाले हुए हैं और हर बिंदु पर बारीकी से जांच-पड़ताल की जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर एक घंटा 55 मिनट रहेंगे। लोकार्पण और अनावरण के बाद कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित लोगों को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा रक्षामंत्री राजनाथ सिंह भी कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं।
विरासत के सम्मान और संरक्षण को सरकार कृतसंकल्प
पीएम मोदी ने लखनऊ आने से पहले एक द्वीट कर कहा कि देश की महान विभूतियों की विरासत के सम्मान और संरक्षण के लिए हमारी सरकार कृतसंकल्प है। इसी कड़ी में कल दोपहर बाद करीब 2:30 बजे लखनऊ में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की 101वीं जयंती के अवसर पर ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ के उद्घाटन का सौभाग्य मिलेगा। यहां वाजपेयी जी के साथ ही डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की भव्य कांस्य प्रतिमाएं भी लगाई गई हैं। इसके साथ ही एक अत्याधुनिक संग्रहालय भी विकसित किया गया है, जहां राष्ट्र निर्माण में इन दूरदर्शी नेताओं के अमूल्य योगदान के बारे में जानने का अवसर मिलेगा।
अभेद सुरक्षा घेरे में इलाका
प्रधानमंत्री की सुरक्षा में कोई भी चूक न हो, इसके लिए प्रेरणा स्थल और आसपास के पूरे इलाके को अभेद सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है। जमीन से लेकर आसमान तक निगरानी रखी जा रही है। प्रेरणा स्थल रोड को पूरी तरह बाधा मुक्त किया जा रहा है ताकि प्रधानमंत्री के काफिले और हेलीकॉप्टर मूवमेंट में किसी प्रकार की परेशानी न हो। सड़क की मरम्मत, साफ-सफाई और रोशनी की विशेष व्यवस्था की जा रही है।
कभी कूड़े के ढेर था
आईआईएम रोड स्थित घैला इलाका कभी कूड़े के ढेर के लिए जाना जाता था। हर तरफ दुर्गध और गंदगी फैली नजर आती थी। कूड़े के ढेर के चलते गोमती तो दूषित हो ही रही थी, इलाके की उपजाऊ जमीन भी जहरीली होती जा रही थी। इस बदनुमा दाग को खत्म करने का बीड़ा नगर निगम ने उठाया। उस वक्त घैला डंपिंग ग्राउंड से साढ़े 6 लाख मीट्रिक टन से ज्यादा कूड़े का ढेर हटाना नगर निगम के अफसरों के लिए एक चुनौती था। अफसरों ने इस चुनौती को स्वीकार कर कूड़े को शिवरी शिफ्ट करने का ब्लू प्रिंट तैयार किया।
नगर निगम को छह साल का वक्त लगा। जब जमीन पहले जैसी उपजाई हो गई, तक 65 एकड़ जमीन को लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) को हैडओवर कर दिया गया। LDA ने तीन साल में इस पूरे इलाके को भव्य राष्ट्र प्रेरणा स्थल के रूप में विकसित कर दिया।
ऐसे समतल की ज़मीन
कूड़े के डंपिंग ग्राउंड को समतल करना बहुत बड़ी चुनौती थी। लगभग 6 साल का समय लगा और 13 करोड़ रुपये खर्च कर कूड़े को मोहान रोड स्थित शिवरी में शिफ्ट कर जमीन को समतल किया गया। इस पूरे इलाके में लिगेसी वेस्ट के कारण जमीन खराब हो चुकी थी। इसे ठीक करने का जिम्मा एक एजेंसी को दिया गया। एजेंसी द्वारा लिगेसी वेस्ट को खत्म करने में करीब डेढ़ साल लगे। इस कवायद के बाद जमीन LDA को सौंप दी गई।

लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर हैं।
और पढ़ें



