होली के बाद काशी आ सकते हैं PM मोदी; 8 मार्च का प्रोग्राम सेट, महिला दिवस पर देंगे बड़ी सौगात
सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 मार्च को वाराणसी दौरे पर आ सकते हैं। इस दौरान वे 1000 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास/लोकार्पण कर सकते हैं। सोलर पार्क, एसटीपी, रोपवे और महिला दिवस पर विशेष योजनाओं की घोषणा संभावित है। प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

भले ही यूपी चुनाव में अभी एक साल से ज्यादा का वक्त हो। लेकिन सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। सूत्रों के हवाले से खबर है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी होली के बाद 8 मार्च को वाराणसी के दौरे पर आ सकते हैं। यह दौरा राजनीतिक और विकासात्मक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है। संभावना है कि इस दौरान वे काशी को हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगें और अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं के लिए विशेष योजनाओं का ऐलान करें।
8 मार्च को काशी दौरे पर पीएम मोदी!
संभावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। विभिन्न विभागों से उन परियोजनाओं की सूची मांगी गई है, जिनका प्रधानमंत्री शिलान्यास या लोकार्पण कर सकते हैं। अनुमान है कि इस दौरे में एक हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की घोषणा हो सकती है। जानकारी के मुताबिक कमिश्नरी आवास परिसर में प्रस्तावित मंडलीय एकीकृत कार्यालय भवन का शिलान्यास प्रधानमंत्री कर सकते हैं। इसके अलावा जल निगम की ओर से प्रस्तावित सोलर पार्क और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) परियोजनाओं को भी हरी झंडी मिल सकती है।
हजारों करोड़ की योजनाओं का ऐलान संभव
इसके अलावा रामनगर क्षेत्र में बन रहे वृद्धाश्रम और वर्किंग वुमेन हॉस्टल का शिलान्यास भी संभावित कार्यक्रमों में शामिल है। प्रधानमंत्री का यह संभावित दौरा राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि वाराणसी उनका संसदीय क्षेत्र है। ऐसे में विकास परियोजनाओं के जरिए वे एक बार फिर काशी को बड़ी सौगात दे सकते हैं।
आपको बता दें अगर 8 मार्च को अगर पीएम मोदी काशी आते हैं। तो बीते 15 दिनों पीएम मोदी का दूसरा यूपी दौरा होगा। इससे पहले 22 फरवरी को प्रधानमंत्री ने मेरठ में दिल्ली-मेरठ नमो भारत रैपिड रेल और मेरठ मेट्रो का लोकार्पण किया। अब दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक का 82 किमी सफर मात्र 55 मिनट में पूरा होगा। देश की सबसे तेज गति वाली मेरठ मेट्रो मोदीपुरम से मेरठ साउथ तक 21 किमी की दूरी केवल 30 मिनट में पूरी करेगी। प्रधानमंत्री ने लोकार्पण के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली-मेरठ नमो भारत रैपिड रेल और मेरठ मेट्रो न केवल मेरठ बल्कि वेस्ट यूपी की तस्वीर बदल देगी।
मेरठ से विरोधियों पर हमला
इस दौरान पीएम मोदी ने एआई समिट में कांग्रेस के अर्धनग्न प्रदर्शन पर पार्टी को जमकर आड़े हाथों लिया। कहा कि कांग्रेस को याद रखना चाहिए था कि यह समारोह बीजेपी का नहीं था। यह देश के सम्मान का कार्यक्रम था, लेकिन कांग्रेस के नेताओं ने सारी मार्यादाएं तोड़ दीं। पूरे देश में कांग्रेस की इस रीति-नीति पर थू-थू हो रही है। दुर्भाग्य है कि कांग्रेस के नेता ऐसे नेताओं कीॉ जयकार कर रहे हैं। देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस अब देश के लिए बोझ बन गई है और उनके नेता मानसिक रूप से दिवालिया।


