55 मिनट में 88 किमी, पीएम मोदी ने नमो भारत को दिखाई हरी झंडी, मेरठ मेट्रो का भी शुभारंभ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेरठ को रविवार को डबल सौगात दी। दिल्ली के लिए नमो भारत और मेरठ मेट्रो को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। देश में पहली बार एक ही ट्रैक पर हाई-स्पीड रीजनल ट्रेन और मेट्रो का संचालन होगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मेरठ के शताब्दी नगर स्टेशन पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में नमो भारत और बहुप्रतीक्षित मेरठ मेट्रो का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री ने हरी झंडी दिखाकर इन ट्रेनों को रवाना किया। इसके साथ ही भारत अब उन चुनिंदा देशों की कतार में शामिल हो गया है, जहां एक ही ट्रैक पर हाई-स्पीड रीजनल ट्रेन और स्थानीय मेट्रो दोनों का सफल संचालन शुरू हो गया है। नमो भारत ट्रेन से मेरठ से दिल्ली तक का 88 किलोमीटर का सफर अब 55 मिनट में पूरी हो जाएगी। इस दौरान 13 स्टेशनों से गुजरेगी। इनमें दो स्टेशन अंडरग्राउंड बनाए गए हैं।
पीएम मोदी के मेरठ पहुंचने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वागत किया। इसके बाद पीएम मोदी ने दोनों ट्रेनों का शुभारंभ किया। पीएम मोदी ने मेट्रो में सफर भी किया। इस दौरान मेट्रो में पहले से मौजूद छात्रों से बातचीत भी की। नमो भारत ट्रेन लंबी दूरी के यात्रियों को मेरठ से दिल्ली-गाजियाबाद तक हाई-स्पीड कनेक्टिविटी देगी। जबकि मेरठ मेट्रो शहर के भीतर के यात्रियों के लिए स्थानीय स्तर पर आवाजाही का आसान साधन बनेगी। दोनों ट्रेनों के लिए एक ही ट्रैक और स्टेशनों का उपयोग किया गया है, जो वैश्विक स्तर पर एक क्रांतिकारी कदम है।
मेरठ के लिए ऐतिहासिक दिन
आज का दिन मेरठ और पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए ऐतिहासिक दिन बन गया है। नमो भारत और मेरठ मेट्रो की एक साथ शुरूआत से क्षेत्र में विकास और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। अब मेरठ से दिल्ली पढ़ने और नौकरी के लिए जाने वालों को बड़ी सुविधा मिल गई है। इसी तरह दिल्ली वालों को मेरठ आकर काम करने में आसानी हो जाएगी। इसी तरह मेट्रो चलने से जाम के झाम से राहत मिल सकेगी।
ट्रायल रन में 160 की रफ्तार से दौड़ी
शुक्रवार को नमो भारत और मेरठ मेट्रो का विशेष ट्रायल रन आयोजित किया। नमो भारत से मेरठ साउथ से सराय काले खां तक का सफर 40 मिनट में पूरा हुआ। इस दौरान नमो भारत प्रत्येक स्टेशन पर एक-एक मिनट के लिए रुकी। उसके बाद सराय काले खां से दोपहर ठीक 12 बजे नमो भारत नॉन स्टॉप बेगमपुल के लिए रवाना हुई। नमो भारत 160 किमी/घंटा की रफ्तार से फर्राटा भरते हुए 39 मिनट में ही बेगमपुल नमो भारत-मेरठ मेट्रो स्टेशन पर आकर ठहर गई। बीच में बिना स्टेशन पर रुके सराय काले खां से गाजियाबाद करीब 15 मिनट में पार कर गई।
इसी तरह गाजियाबाद से मेरठ साउथ स्टेशन पहुंचने में करीब 15 मिनट का ही समय लगा। उसके बाद तो अगले चार मिनट में शताब्दीनगर स्टेशन को नमो भारत क्रास कर गई। अगले पांच मिनट में नमो भारत बेगमपुल स्टेशन पहुंच गई।
इस तरह दोपहर 12 बजे सराय काले खां से चली नमो भारत नॉन स्टॉप 12.39 बजे बेगमपुल पहुंच गई। जब लोग नमो भारत से यात्रा करेंगे तो करीब एक-एक मिनट के स्टॉपेज के साथ करीब 55 मिनट में यह सफर होगा। इससे मेरठ शहर के लोगों को दिल्ली-गाजियाबाद आना काफी आसान हो जाएगा। पहले लोग घंटों में मेरठ से दिल्ली और गाजियाबाद का सफर करते थे।
लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।
पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।
बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।


