वाराणसी से मिर्जापुर तक आसमान में चक्कर काटता रहा विमान, 5 फ्लाइटें लखनऊ डायवर्ट
वाराणसी से मिर्जापुर तक आसमान में विमान चक्कर काटता रहा। दूसरे शहरों से दोपहर बाद पहुंची फ्लाइटें उतर न सकीं। नतीजतन पांच फ्लाइटों को लखनऊ डायवर्ट किया गया।

वाराणसी में कोहरे की वजह से वहां दूसरे शहरों से दोपहर बाद पहुंची फ्लाइटें उतर न सकीं। नतीजतन पांच फ्लाइटों को लखनऊ डायवर्ट किया गया। इनमें इंडिगो की 6ई 2334 भी शामिल है जिसके पायलट ने मौसम ठीक होने की उम्मीद में वाराणसी से मिर्जापुर के बीच आसमान में आठ चक्कर काटे। इसके बाद यह फ्लाइट लखनऊ डायवर्ट हो गई।
इंडिगो की यह फ्लाइट दिल्ली से वाराणसी पहुंची थी। कोहरे के कारण इस विमान को लखनऊ उतारा गया। इसमें 216 यात्री सवार थे। यात्रियों को विमान से नीचे नहीं उतारा गया, उन्हें अंदर ही नाश्ता और जलपान दिया गया। मौसम साफ होने का इंतज़ार किया जा रहा है। एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट आईएक्स 2975 बेंगलुरु से वाराणसी पहुंची थी। डायवर्ट होकर यह फ्लाइट दोपहर 02:25 बजे लखनऊ पहुंची। इसमें 159 यात्री सवार थे। पहले यात्रियों को विमान में ही रखा गया, लेकिन काफी इंतज़ार के बाद जब मौसम ठीक नहीं हुआ, तो एयरलाइन ने यात्रियों को विमान से उतार दिया। अब इन सभी यात्रियों को बस के जरिए वाराणसी भेजा गया है।
अकासा एयर क्यूपी 1498 लम्बी दूरी तय कर मुंबई से वाराणसी पहुंची। छह चक्कर काटने के बाद इस फ्लाइट को भी लखनऊ डायवर्ट किया गया। इसमें 185 यात्री सवार थे। कोहरा कम न होने पर एयरलाइन ने फ्लाइट कैंसिल कर दी गई। सभी यात्रियों को विमान से उतारकर बसों के जरिए वाराणसी रवाना किया गया।
स्पाइसजेट की मुम्बई से वाराणसी फ्लाइट एसजी 392 भी नहीं लैंड कर पाई। एयरलाइन ने इस फ्लाइट को कैंसिल कर दिया है। यात्रियों को नीचे उतारकर उनके रुकने और खाने का इंतज़ाम किया गया। साथ ही, सभी यात्रियों को बस से वाराणसी भेजने की व्यवस्था की गई है। इसी तरह एयर इंडिया एक्सप्रेस आईएक्स 184 शारजाह से वाराणसी, को भी लखनऊ मोड़ दिया गया। लंबी दूरी की इस फ्लाइट को भी कैंसिल कर दिया गया है। एयरलाइन की ओर से यात्रियों के लिए वैकल्पिक इंतजाम किए गए हैं और उन्हें भी बस के जरिए वाराणसी भेजने की जानकारी दी गई है।
लेखक के बारे में
Deep Pandeyदीप नरायन पांडेय लाइव हिन्दुस्तान में पिछले आठ सालों से यूपी की खबरें करते हैं। डिजिटल, टीवी और प्रिंट जर्नलिज्म में 15 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले दीप नरायन पांडेय वरिष्ठ पत्रकार हैं। दीप अब डिजिटल मीडिया के जाने माने नाम बन गए हैं। दीप हिंदी भाषा की डिजिटल पत्रकारिता के नए आयामों को बेहतर समझते हैं। यूपी की राजनीति के साथ क्राइम की खबरों पर अच्छी पकड़ है। सामाजिक, इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यटन, शिक्षा और हेल्थ पर भी लिखते हैं। दीप पाठकों की पसंद को समझने और उसी तरह से न्पूज प्रस्तुत करने में माहिर हैं। दीप सरल भाषा में खबरों को पाठकों तक पहुंचाते हैं। खबर लिखने के अलावा साहित्य पढ़ने-लिखने में भी रुचि रखते हैं। मास कम्युनिकेशन में बीए और एमए दीप नरायन पांडेय मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोंडा के रहने वाले हैं। दीप ने पत्रकारिता की शुरुवात लखनऊ से की। टीवी चैनल से करियर का आगाज करने वाले दीप इसके बाद प्रिंट अमर उजाला लखनऊ में भी रहे। हिन्दुस्तान प्रिंट में वाराणसी, गोरखपुर, फिर लखनऊ में कार्य के दौरान विभिन्न जिलों के डेस्क इंचार्ज रहे हैं। यूपी विधानसभा चुनाव 2012, 2017, 2022, लोकसभा चुनाव, पंचायत चुनावों के दौरान बेहतर कवरेज कर चुके हैं।
और पढ़ें

