
मौत से जूझ रहे घायल की जेब से 38 हजार रुपए चोरी
Pilibhit News - पूरनपुर में एक युवक सुरेंद्र को ट्रक की टक्कर लगने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल होने के दौरान उसकी पैंट की जेब से 38 हजार रुपए चोरी हो गए। अस्पताल में होश आने पर सुरेंद्र ने परिजनों को घटना के बारे में बताया, लेकिन रुपए का कोई सुराग नहीं मिला। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई है।
पूरनपुर, संवाददाता। ट्रक की टक्कर लगने से घायल युवक को सीएचसी में भर्ती कराया गया। उसके बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। युवक की पैंट की जेब में रखें 38 हजार रुपए चोरी हो गए। जिला अस्पताल में होश आने पर घायल ने इसके बारे में परिजनों को बताया। अस्पताल पहुंचकर परिजनों ने खोजबीन की लेकिन रुपयों का पता नहीं चल सका। थाना घुंघचाई क्षेत्र के गांव सिमरा ता. घुंघचाई के रहने वाले सुरेंद्र पुत्र मदनलाल बंडा रोड पर मौजूद एक पेट्रोल पंप पर कर्मचारी है। शनिवार को सुरेंद्र बाइक से खुटार हाइवे पर जा रहे थे। सिरसा चौराहे के आगे टेलीफोन एक्सचेंज के पास सुरेंद्र की बाइक में ट्रक ने टक्कर मार दी।
हादसे में सुरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। अचेत अवस्था में उन्हें एंबुलेंस से सीएचसी में भर्ती कराया गया। इस दौरान सुरेंद्र की पैंट की जेब रखी पर्स से 38 हजार रुपए गायब हो गए। सीएचसी के इमरजेंसी कक्ष में उनकी पैंट निकाली गई। उसके बाद सुरेंद्र को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पीलीभीत के अस्पताल में होश आने पर सुरेंद्र ने परिजनों को रुपयों के बारे में बताया। शनिवार दोपहर उनके पिता मदनलाल और अन्य परिजन सीएचसी पहुंचे और कर्मचारियों से जानकारी की लेकिन रुपयों के बारे में कोई नहीं बता सका। सुरेंद्र की खून से लथपथ पैंट सीएचसी परिसर में पड़ी मिली। उसमें पर्स रखा हुआ था लेकिन रुपए गायब थे। परिजनों ने बताया कि अस्पताल में किसी ने उपचार के दौरान रुपए चोरी कर लिए। उनके पिता मदनलाल ने मामले की शिकायत पुलिस से की है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




