पीलीभीत। हिन्दुस्तान संवाद
पश्चिम देशों से पंजाब होते हुए उत्तर प्रदेश में पहुंचने वाले लोगों पर नजर रखने का स्वास्थ्य विभाग का दावा एक बार फिर से धराशायी हो गया। लंदन से पंजाब पहुंची एक महिला पूरनपुर क्षेत्र में अपने रिश्तेदारी में पहुंचकर वापस लौट गई। मामले की जानकारी ग्रामीणों से मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में टीम ने गांव में पहुंचकर महिला के रिश्तेदार और संपर्क में आए लोगों का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा है।
पश्चिम देशों से पंजाब के रास्ते उत्तर प्रदेश में आने वाले लोगों को लेकर पंजाब सरकार ने उत्तर प्रदेश शासन को पत्र भेजा था। इसको लेकर प्रदेश में अलर्ट जारी किया गया था। पत्र मिलने के बाद स्थानीय स्वास्थ्य विभाग ने इसको लेकर सतर्कता बरतनी शुरू कर दी थी। वहीं सीएमओ ने भी पंजाब के रास्ते पीलीभीत जिले में किसी के न आने का दावा किया था। सीएमओ का दावा भी फेल हो गया। लंदन से पंजाब आई एक महिला स्वास्थ्य विभाग को गच्चा देकर पूरनपुर क्षेत्र के गांव शाहफार्म टांडा अपनी रिश्तेदारी में आ गई।
दो दिन रुकने के बाद महिला यहां से वापस पंजाब चली गई। ग्रामीणों की सूचना पर जब इसकी भनक स्वास्थ्य विभाग को लगी तो सर्विलांस टीम को भेजकर पड़ताल कराई गई। पड़ताल के दौरान महिला के संपर्क में आए लोगों का सैंपल लिया गया। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि महिला का भी सैंपल लिया गया है। महिला सैंपल देने के बाद पंजाब रवाना हो गई। अब स्वास्थ्य विभाग संपर्क में आए लोगों की जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है। सीएमओ डॉ. सीमा अग्रवाल कहना है कि लंदन से चार लोग आए थे, जिनको ट्रेस किया गया है। उनकी कांट्रैक्ट हिस्ट्री तलाश की जा रही है।