Pilibhit News: जंगली हाथियों ने रौंदी किसानों की धान-गन्ने की फसल
Pilibhit News: नेपाल के जंगलों से निकलकर पूरनपुर के किसानों की फसलें जंगली हाथियों द्वारा बर्बाद हो गई हैं। हाथियों ने सेहरामऊ गांव में धान और गन्ने की फसलों को नुकसान पहुँचाया है, जिससे किसानों को आर्थिक हानि हुई है। किसान वन विभाग से मुआवजे की मांग कर रहे हैं और हाथियों की निगरानी बढ़ाने का आग्रह कर रहे हैं।

Pilibhit News: पूरनपुर, संवाददाता। नेपाल के जंगल से निकलकर खेतों और आबादी की ओर पहुंच रहे जंगली हाथियों ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। पिछले करीब एक सप्ताह से क्षेत्र में हाथियों की सक्रियता बनी हुई है। हाथियों के झुंड ने सेहरामऊ गांव में चार किसानों की धान और गन्ने की फसल रौंद दी। फसल बर्बाद होने से किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। शुक्रवार रात जंगल किनारे स्थित सेहरामऊ गांव में हाथियों का झुंड पहुंच गया। हाथियों ने ओमप्रकाश पुत्र हजारीलाल के करीब एक एकड़ खेत में खड़ी धान की फसल रौंद दी। शनिवार सुबह खेत पहुंचे किसान ने फसल की हालत देखी तो उसके होश उड़ गए।
खेत में जगह-जगह धान की फसल कुचली पड़ी थी। हाथियों ने विजय बहादुर सिंह की करीब एक एकड़ धान और गन्ने की फसल को भी नुकसान पहुंचाया है। इसके अलावा दीनदयाल की तीन बीघा धान और धीरज की दो बीघा गन्ने की फसल हाथियों ने रौंद दी। किसानों का कहना है कि तैयार हो रही फसल को नुकसान पहुंचने से उनकी लागत और मेहनत दोनों प्रभावित हुई हैं।वन क्षेत्र से सटे गांवों में जंगली हाथियों की आवाजाही पहले भी किसानों के लिए परेशानी का कारण रही है। रात के समय हाथियों के झुंड के खेतों में पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत बनी रहती है। किसान फसल बचाने के लिए खेतों की रखवाली करते हैं, लेकिन बड़े झुंड के सामने उन्हें भी अपनी सुरक्षा की चिंता रहती है। किसानों ने वन विभाग से प्रभावित खेतों का सर्वे कराकर नुकसान का आकलन कराने और मुआवजा दिलाने की मांग की है। साथ ही हाथियों की निगरानी बढ़ाने और जंगल से सटे गांवों में ग्रामीणों को सतर्क करने की मांग उठाई है।


