दूसरे समुदाय के युवकों ने दुकान में घुसकर की मारपीट, तोड़फोड़
Pilibhit News - पीलीभीत में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक ने अपने साथियों के साथ दुकान में घुसकर दुकानदार हिमांशु कनौजिया के साथ मारपीट की और तोड़फोड़ की। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर एक नामजद और चार अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपियों की तलाश जारी है।

पीलीभीत, संवाददाता। पुरानी रंजिश को लेकर दूसरे समुदाय के युवक ने साथियों संग दुकान में घुसकर गाली गलौच करते हुए मारपीट की। दुकान में तोड़फोड़ भी की गई। पुलिस ने पीड़ित दुकानदार की तहरीर पर एक नामजद और चार अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शेर मोहम्मद निवासी हिमांशु कनौजिया ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई। जिसमे कहा गया कि 22 फरवरी को मोहल्ला मोहम्मद वासिल के निकट वह अपनी दुकान पर बैठा हुआ था। आरोप है कि इस दौरान दानिश नाम का युवक अपने साथ तीन से चार लोगों को लेकर उसकी दुकान पर पहुंचा।
आरोपी ने पुरानी कहासुनी को लेकर उसके साथ गाली गलौच करना शुरू कर दी। मारपीट भी की गई। शोर शराबे होने पर मौके पर काफी भीड़ एकत्र हो गई। आरोप है कि दानिश और उसके साथियों ने दुकान पर तोड़फोड़ की और जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। आरोपियों के जाने के बाद घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक की तहरीर पर एक नामजद समेत अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सत्येंद्र कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


