शराब की दुकान को लेकर हुए बवाल में 43 नामजद और 15 अज्ञात के खिलाफ एफआईआर
कलीनगर में शराब की दुकान खोलने को लेकर पुलिस और महिलाओं के बीच हुई मारपीट के मामले में 43 नामजद और 15 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। महिलाओं ने दुकान में तोड़फोड़ की और अधिकारियों पर हमला किया। स्थिति अब सामान्य है, लेकिन कांग्रेस और भाकपा ने इस मुद्दे पर नाराजगी जताई है।

कलीनगर। बूंदीभूड़ में शराब की दुकान खोलने को लेकर पुलिस और महिलाओं में हुई मारपीट के मामले में अब कानूनी शिकंजा कस गया है। दुकान को लेकर हुए बवाल के मामले में आबकारी निरीक्षक की तहरीर पर थाना माधोटांडा में 43 नामजद और 15 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।
दुकान को लेकर महिलाओं का विरोध
थाना माधोटांडा क्षेत्र के सीमांत गांव बूंदीभूड़ में खोली गई शराब की दुकान खोलने को लेकर महिलाएं पिछले एक माह से विरोध कर रहीं थी। गुरुवार को दुकान खुलवाने पहुंचे प्रशासनिक,पुलिस और आबकारी विभाग के अधिकारियों की महिलाओं से भिड़ंत हो गई थी। महिलाओं ने शराब की दुकान में घुसकर तोड़फोड़ की थी। समझाने पर महिलाओं ने लाठी-डंडे से अधिकारियों और पुलिस फोर्स पर हमला करते हुए पथराव किया था। कई वाहनों में भी तोड़फोड़ हुई थी। मारपीट के दौरान तहसीलदार वीरेंद्र कुमार का हाथ फैक्चर हो गया। अधिकारी और पुलिसकर्मी बमुश्किल गांव से जान बचाकर भागे। आबकारी निरीक्षक दीपक कुमार की ओर से बूंदीभूड़ गांव की 43 महिलाएं और पुरुषों के अलावा 15 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। दर्ज कराए गए मुकदमे में सरकारी काम में बाधा डालने, जानलेवा हमला करने, दंगा भड़काने और तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया गया है।
इन लोगों को मुकदमे में किया गया नामजद
आबकारी निरीक्षक दीपक कुमार की ओर से दर्ज कराए गए मुकदमे में गांव बूंदीभूड़ निवासी सरिता पत्नी राजेश, मंजू देवी पत्नी परवेन्द्र गौतम, गीता पत्नी गणेश गौतम, बबीता पत्नी संजय वर्मा, मुनिया देवी पत्नी संजय राजभर, शशिकला पत्नी रामजनम राजभर, संगीता देवी पत्नी राम सुरेन्द्र राजभर, निर्मला देवी पत्नी विजय राजभर, फूलवती देवी पत्नी जितेन्द्र राजभर, सुमित्रा देवी पत्नी लालबहादुर गौतम, सुखिया देवी पत्नी मुन्त्री राजभर, सविता पत्नी राजेन्द्र प्रसाद, अमृती देवी पत्नी हरदेव राजभर, किरन पत्नी सुभाष राजभर, अनीता देवी पत्नी हरेन्द्र राजभर, रीना देवी पत्नी राजकुमार, रीमा देवी पत्नी हरेन्द्र पुत्र स्व. सीताराम, पुष्पा देवी पत्नी महेश, सुजाता देवी पत्नी नारायण, कलावती पत्नी हरदेव राजभर, शान्ती देवी पत्नी संजीत, अनीता देवी पुत्री संजीत, इन्द्रावती पत्नी रामअवध, ज्ञानवती पत्नी रामकृष्ण, संगीता पुत्री रामकिशुन, अनीता पत्नी जयराम, हरेन्द्र राजभर पुत्र शिवप्रसाद, सोनू पुत्र नखडू, सुदर्शन पुत्र चन्द्रदेव, राजकुमार पुत्र पारस, रामअवध पुत्र रामधारी, रामकिशून पुत्र रामधारी, राजकुमार पुत्र रामअवध, करन पुत्र रामअवध, विजय राजभर पुत्र साधु राजभर, राजकुमार पुत्र पारस, पंकज कुमार पुत्र सुदर्शन, नारायण राजभर पुत्र सरजू राजभर, सर्वेश कुमार पुत्र लालबहादुर, सुजान पत्नी नारायण राजभर, सुधा पत्नी महेश राजभर, रीना पत्नी रामाभीष और जसवीर पुत्र लालबहादुर को नामजद किया गया है। इसके अलावा 10 से 15 अज्ञात लोगों को भी मुकदमे में शामिल किया गया है।
बूंदीभूड़ गांव में दूसरे दिन हालात सामान्य
कलीनगर। बूंदीभूड़ में शराब की दुकान को लेकर हिंसक मारपीट के बाद दूसरे दिन हालात सामान्य दिखे। महिलाओं का कहना है कि गांव से बाहर रहने वाले लोगों को मुकदमें में नामजद किया गया है। जो पूरी तरह से गलत है। तहसील क्षेत्र के गांव बूंदीभूड़ में खोली गई शराब की कंपोजिट दुकान को लेकर पिछले माह अप्रैल से लगातार विरोध चल रहा था। गांव की महिलाओं ने कई बार जिला मुख्यालय पर भी अधिकारियों को शिकायती पत्र दिया था। इसको लेकर गुरुवार को बवाल हो गया। बवाल के दूसरे दिन शुक्रवार को गांव बूंदीभूड़ में हालात सामान्य दिखे। लोग अपने रोजमर्रा के काम में व्यस्त रहे। इस दौरान उनके बीच एक दिन पहले हुए बवाल की चर्चाएं होती रहीं।
गांव पहुंचे कांग्रेसियों ने जताई नाराजगी, दी गई तहरीर
कलीनगर,संवाददाता। बूंदीभूड़ में हुए बवाल और मारपीट के बाद दूसरे दिन कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी पहुंचे। उन्होंने पूरे घटनाक्रम पर नाराजगी जताई है। इस प्रकरण में गांव बूंदीभूड़ निवासी शीतल पुत्री रामशीष यादव की ओर से भी एसपी को शिकायती पत्र देकर मुकदमा दर्ज कराने की मांग की गई है।
कलीनगर के गांव बूंदीभूड़ में शुक्रवार को कांग्रेस पार्टी की जिला उपाध्यक्ष पुष्पा गंगवार के साथ आधा दर्जन से अधिक पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहुंचे। उन्होंने गांव के शिव मंदिर के पास महिलाओं के साथ सभा की। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष पुष्पा गंगवार ने कहा कि महिलाओं को डरने की जरुरत नहीं है। पार्टी उनके साथ खड़ी है। गांव की शीतल की ओर से एसपी को शिकायती पत्र दिया गया है। जिसमे प्रशासनिक,पुलिस और आबकारी विभाग के अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है। इस दौरान जिला महासचिव नरेश शुक्ला, जिला सचिव कयूम खान, ब्लाक अध्यक्ष जाहिद खान, राजेश वर्मा, हरीश कुमार, राजेश वर्मा, कमलेश कुमार और जुल्फिकार अहमद आदि मौजूद रहे।
भाकपा नेताओं ने कहा, महिला वंदन दिखावा
पूरनपुर। शुक्रवार को भाकपा माले के जिला प्रभारी अफरोज आलम और ब्लाक सचिव देवीदयाल कार्यकर्ताओं के बूंदीभूड़ पहुंचे। उन्होंने पूरे मामले की जांच करते हुए गांव की महिलाओं से बातचीत की। अफरोज आलम ने बताया कि महिलांए गांव में शराब की दुकान खोलने का विरोध शुरुआत से ही कर रहीं थी। 17, 20 और 24 अप्रैल को इस संबध में डीएम को ज्ञापन भी सौंपे गए। डीएम ने उन्हें दुकान हटाने का आश्वासन भी दिया था। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में महिला वंदन सिर्फ दिखावा है। भाजपा सरकार सबसे ज्यादा महिला विरोधी है। भाकपा माले महिलाओ पर मुकदमा लगाने, लाठीचार्ज करने का सख्त विरोध करती है। पार्टी कार्यकर्ता बूंदीभूड़ से शराब की दुकान हटाने, मुकदमा वापस लेने, महिलाओं पर लाठीचार्ज करने वाले पुलिस प्रशासन के अधिकारियो पर कार्रवाई करने के लिए शनिवार को डीएम से मुलाकात करेंगे।
आबकारी आयुक्त को भेजी सूचना, लाखों रुपये का हुआ नुकसान
बूंदीभूड़ में हुई घटना के बाद आबकारी विभाग की ओर से पूरे मामले की सूचना आबकारी आयुक्त समेत उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। जिला आबकारी अधिकारी कल्पनाथ रजक ने बताया कि 95 हजार की अंग्रेजी शराब,25 हजार रुपये की बीयर की बोतलों को ग्रामीणों द्वारा तोड़ा गया है। जिससे सरकारी नुकसान हुआ है। इसके अलावा सरकारी वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया गया है। उन्होंने बताया कि दुकान को शिफ्ट करने को लेकर उच्चाधिकारियों से मिलने वाले निर्देशों के तहत कार्रवाई की जाएगी। नुकसान को लेकर संबिधत से विधिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जाएगी।
आबकारी निरीक्षक की तहरीर पर थाना माधोटांडा में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर बवाल करने वालों की पहचान कर रही है। बवाल करने में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मुकदमे में किसी निर्दोष को परेशान नहीं किया जाएगा।
- डॉ. प्रतीक दहिया, सीओ सदर
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


