Pilibhit News: बारिश और तेज हवाओं में शीशम का पेड़ गिरा, दबकर बुजुर्ग की मौत
Pilibhit News: बरखेड़ा में लगातार हो रही बारिश के कारण भोपतपुर गांव में एक दर्दनाक घटना हुई। सड़क किनारे खड़ा शीशम का पेड़ गिरने से 60 वर्षीय मुन्ना लाल की मौत हो गई। वह खेत से लौटते समय अपने छोटे बेटे अर्जुन के साथ थे। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर है।

Pilibhit News: बरखेड़ा में बीती रात से लगातार हो रही तेज बारिश और हवाओं के बीच मंगलवार सुबह भोपतपुर गांव में दर्दनाक हादसा हो गया। बालाजी मंदिर के पास सड़क किनारे खड़ा शीशम का पेड़ अचानक गिर गया। इसकी चपेट में आने से 60 वर्षीय मुन्ना लाल पुत्र स्व. रामचंद्र लाल की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। ग्राम भोपतपुर निवासी मृतक के पुत्र दामोदर ने बताया कि मंगलवार सुबह उनके पिता मुन्ना लाल छोटे बेटे अर्जुन के साथ खेत देखने गए थे। करीब साढ़े नहीं बजे दोनों खेत से वापस लौट रहे थे। अर्जुन पिता से कुछ कदम आगे चल रहा था।
गांव से लगभग 500 मीटर दूर बालाजी मंदिर के पास पहुंचते ही लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण सड़क किनारे लगा शीशम का पेड़ अचानक भरभराकर गिर पड़ा। मुन्ना लाल को संभलने का मौका नहीं मिला और वह पेड़ के नीचे दब गए। पिता की चीख सुनकर अर्जुन वापस दौड़ा और उन्हें निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। ग्रामीणों और राहगीरों की मदद से काफी मशक्कत के बाद मुन्ना लाल को पेड़ के नीचे से बाहर निकाला गया। परिजन उन्हें एंबुलेंस से सीएचसी बरखेड़ा ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मुन्ना लाल की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी इंद्रावती का रो-रोकर बुरा हाल है। उनके चार पुत्र हरिओम, सर्वेश, दामोदर और अर्जुन हैं। वह पत्नी के साथ छोटे बेटे अर्जुन के घर रहते थे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।


