सिविल सेवा क्षेत्र में जाने का है उद्देश्य : रचित चंद्रा
Pilibhit News - पीलीभीत। सीबीएसई बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा में जनपद संयुक्त टॉपर रचित चंद्रा ने 98.2 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। वंशिका गुप्ता, मान्या गंगवार और पावनी सहगल ने भी अच्छे अंक प्राप्त किए हैं। ये छात्राएं अपने-अपने क्षेत्रों में कॅरियर बनाने की योजना बना रही हैं। सभी ने सेल्फ स्टडी पर जोर दिया है।

पीलीभीत। सीबीएसई बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा के जनपद संयुक्त टॉपर बेनहर पब्लिक स्कूल के छात्र रचित चंद्रा ने 98.2 प्रतिशत अंक पाए हैं। जनपद टॉपर का कहना है कि वह भविष्य में सिविल सेवा में कॅरियर बनाएगा। इसके लिए समयबद्ध ढंग से तैयारी करेगा। मैंने इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए तीन से चार घंटे की पढ़ाई की। किसी प्रकार की कोई कोचिंग नहीं ली। सेल्फ स्टडी पर सफलता मिली है। मेधावी रचित चंद्रा का कहना है कि सफलता के पीछे माता-पिता का आशीर्वाद है। मेरा हिस्ट्री और पोलिटिकल साइंस पसंदीदा सब्जेक्ट है। वह कहता है कि बारहवीं में नंबर कोई मायने नहीं रखते हैं। आगे की पढ़ाई के लिए कालेज मिलने पर फोकस किया जाए। अगर अच्छा कालेज मिल गया तो आगे की तैयारी अच्छे ढंग से हो सकेगी। मेरे पिता अरुण चंद्रा जनता टेक्निकल इंटर कालेज बीसलपुर में शिक्षक के पद पर तैनात हैं। उसका कहना है कि सिलेबस के अनुरूप सतत पढ़ाई करे और एनसीईआरटी की बुक्स का प्रयोग करें।
बिजनेस क्षेत्र में कॅरियर संवारेगी जनपद टॉपर वंशिका गुप्ता
शहर निवासी राजेश गुप्ता की होनहार बेटी लिटिल एंजिल्स स्कूल की छात्रा वंशिका गुप्ता ने सीबीएसई बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा में जनपद संयुक्त टॉपर बनी है। वह कहती हैं कि वह भविष्य में बिजनेस क्षेत्र में कॅरियर संवारेगी। इसके लिए वह कठिन परिश्रम करेगी। मेरी राजनीति में रुचि है। बिजनेस स्टडी केस पढ़ने और लिखने का शौक है, जो पढ़ाई के साथ पूरा करती है। आज मुझे बहुत ही खुशी हो रही है। इसके पीछे परिजनों को श्रेय जाता है। उसने अपील की कि बच्चों को मार्क्स के पीछे नहीं भागना चाहिए। बल्कि अपने उद्देश्य पर फोकस करें। ऐसा करने से सफलता आसानी से मिल सकेगी। मैनें म्युजिक में सौ नंबर पाए हैं। एकाउंट में सौ नंबर में एक कम रह गया है।
न्यायिक क्षेत्र में जाकर संवारूगी भविष्य : मान्या
बेनहर पब्लिक स्कूल की छात्रा मान्या गंगवार ने इंटरमीडिएट परीक्षा में जनपद में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वह कहती है कि मैंने 97.8 प्रतिशत अंक पाए हैं। वह भविष्य में न्यायिक क्षेत्र में कॅरियर बनाएगी। इसके लिए आगे की पढ़ाई करेगी। बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए रोजाना पांच से छह घंटे दिए हैं। सिर्फ इकोनामिक्स की ट्यूशन ली थी। सेल्फ स्टडी पर जोर दिया और सफलता मिली। पढ़ाई में यूट्यूब के लेक्चर भी देखे। इकोनामिक्स सब्जेट अच्छा लगता है। सफलता का श्रेय पिता योगेंद्र गंगवार और मां को देती हूं। मैं कालेज में बेस्ट कैप्टन रही हूं।
यूपीएससी की करूंगी तैयारी : पावनी
बेनहर पब्लिक स्कूल की छात्रा पावनी सहगल ने सीबीएसई इंटरमीडिएट परीक्षा में जनपद में तृतीय स्थान पाया। पावनी सहगल कहती है कि मैंने रोजाना चार से पांच घंटे पढ़ाई पर दिए हैं। किसी भी सब्जेक्ट की ट्यूशन नहीं ली है। सिर्फ सेल्फ स्टडी के बल पर सफलता मिली है। मेरा फेबरेट सब्जेक्ट साइकोलॉजी है। मैं भविष्य में यूपीएससी में कॅरियर बनाने का उद्देश्य लेकर आगे चल रही हूं। मेरी सफलता के पीछे पिता रोहित सहगल और मां सुषमा सहगल, भाई पार्थ सहगल का श्रेय है। वह कहती है कि चीजों को अपनी तरीके से समझो, तभी सफलता मिल सकेगी। सोशल मीडिया का ओवरयूज न करें।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


