Pilibhit News: गन्ने के खेतों में बाघ छिपे होने की आशंका, पांच कैमरों से निगरानी शुरू
Pilibhit News: रामनगर-चंद्रनगर मार्ग पर गन्ने के कोल्हू के पास बाघ दिखने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। वन विभाग की टीम ड्रोन से बाघ की तलाश कर रही है, लेकिन ऊंची गन्ने की फसल के कारण उसे खोजने में दिक्कत आ रही है। बाघ ने एक किसान पर हमला किया था, जिससे ग्रामीणों में दहशत है।

Pilibhit News: पीलीभीत/ पूरनपुर। रामनगर-चंद्रनगर मार्ग पर गन्ने के कोल्हू के पास बाघ दिखाई देने की सूचना से इलाके में खलबली मच गई। जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और ड्रोन उड़ाकर आसपास के गन्ने के खेतों में बाघ की तलाश शुरू की, लेकिन ऊंची और घनी गन्ने की फसल के बीच बाघ की लोकेशन नहीं मिल सकी।
बाघ की निगरानी की चुनौती
खेतों में गन्ना इतना घना है कि बाघ को आसानी से छिपने का ठिकाना मिल रहा है। इसके चलते वन विभाग के सामने बाघ की निगरानी और उसकी लोकेशन का पता लगाना चुनौती बना हुआ है। तीन दिन पहले हजारा क्षेत्र के गांव शासत्रीनगर के रहने वाले किसान मुंशी प्रसाद पर बाघ ने हमला कर मार दिया था।
ग्रामीणों में भय और प्रशासन की कार्रवाई
इससे क्षेत्र दहशत का माहोल बना हुआ है। वहीं ग्रामीणों में आक्रोश भी है। प्रशासन के आश्वासन के बाद शव का गत दिवस अंतिम संस्कार करा दिया गया था। इसके बाद संपूर्णानगर वन प्रभाग की ओर से बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए क्षेत्र में पांच कैमरा ट्रैप लगाए हैं।
कर्मियों की सक्रियता
इन कैमरों के जरिए बाघ की आवाजाही पर नजर रखी जा रही है। साथ ही वनकर्मियों की टीम लगातार आसपास के खेतों और मार्ग पर निगरानी कर रही है। वन दरोगा मोहन राम, वनरक्षक शमशेर सिंह, रामकुमार, न्यूनतम वेतन कर्मी अरुण कुमार और वाचर अरुण कुमार समेत वनकर्मी क्षेत्र में डटे हुए हैं।
ड्रोन से खोजबीन
इधर रामनगर-चंद्रनगर के मध्यम बाघ के दिखाई देने की जानकारी दी गई। इसके बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। बताया जा रहा है कि बाघ के गन्ने के खेतों में चले जाने के बाद ड्रोन से भी उसकी सही स्थिति का पता नहीं चल सका।
सतर्कता की सलाह
ऊंचे गन्ने के कारण बाघ खेतों के अंदर कहीं भी छिप सकता है। वन विभाग की टीम कैमरा ट्रैप की निगरानी के साथ ही बाघ के पदचिह्न और अन्य गतिविधियों के संकेत तलाश रही है। बाघ की मौजूदगी की सूचना से आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और गन्ने के खेतों में अकेले जाने से बचने की सलाह दी है।


