Pilibhit News: तीन घरों में चोरी, जेवर-नकदी समेत लाखों रुपये का सामान समेट ले गए चोर
Pilibhit News: कोतवाली क्षेत्र के गांव पट्टी सियाबाड़ी में रविवार की रात अज्ञात चोरों ने तीन ग्रामीणों के घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर

Pilibhit News: जहानाबाद। कोतवाली क्षेत्र के गांव पट्टी सियाबाड़ी में रविवार की रात अज्ञात चोरों ने तीन ग्रामीणों के घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। रात में ही घटना की जानकारी मिलने पर 112 पुलिस के साथ जहानाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने चोरी के घटना के खुलासे के प्रयास शुरू कर दिए हैं। गांव के निवासी ग्रामीण पर्वत सिंह, रोहित पटेल और ओंकार सिंह ने थाना जहानाबाद पुलिस को तहरीर दी। जिसमे कहा गया कि रात करीब दो बजे चोरों ने रोहित पुत्र देवकीनंदन के घर में घुसकर कमरे में रखी अलमारी और संदूक के ताले तोड़ दिए।
चोर उनमें रखी नकदी और जेवरात लेकर फरार हो गए। खटपट और आहट सुनकर रोहित पटेल की नींद खुल गई। कमरे का दरवाजा खुला देखकर वह अंदर पहुंचे तो सामान बिखरा पड़ा था। इस दौरान उन्हें एक बक्सा भी गायब मिला। इसके कुछ देर बाद करीब ढाई बजे रोहित के पड़ोसी ओंकार सिंह भी जागे। उन्हें अपने घर में भी चोरी होने की जानकारी हुई। ग्रामीणों ने तत्काल 112 और जहानाबाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने रात में ही गांव पहुंचकर दोनों घरों का निरीक्षण किया और चोरों को तलाशने का प्रयास किया। वहीं गांव निवासी पर्वत सिंह अपने दूसरे मकान में खाना खाने के बाद गांव मीरपुर में सोने चले गए थे। 14 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे जब वह पट्टी सियाबाड़ी स्थित अपने मकान पर पहुंचे तो दरवाजा खुला देखकर हैरान रह गए। अंदर जाकर देखा तो कमरों के दरवाजे खुले थे और सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। जांच करने पर जेवरात और नकदी गायब मिली। इसके बाद पर्वत सिंह ने अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई के लिए तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक जहानाबाद जयशंकर सिंह ने बताया कि चोरी के खुलासे के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं,जल्द घटनाक्रम का वर्कआउट कर दिया जाएगा।

