Pilibhit News: सहकारी गन्ना समितियों में 2999 किसानों ने किया ऑनलाइन आवेदन
Pilibhit News: पीलीभीत, किसान गन्ना विकास विभाग नए पेराई सत्र की तैयारी कर रहा है। 2999 गन्ना किसानों ने नए सदस्य बनने के लिए ऑनलाइन आवेदन दिया है। वर्तमान सत्र में गन्ने की फसल एक लाख हेक्टेयर में बोई गई है। गन्ना सर्वे सट्टा प्रदर्शन मेला भी चल रहा है, जिसमें किसानों की भीड़ देखी जा रही है।

Pilibhit News: पीलीभीत, संवाददाता। नए पेराई सत्र को शुरू करने की दिशा में गन्ना विकास विभाग अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे रहा है। चीनी मिलों में मेंटीनेंस का कार्य पूरा होने की कगार पर है। गन्ना समितियों में सर्वे सट्टा प्रदर्शन मेला लगाकर आपत्तियां लेने का काम किया जा रहा है। ताकि जल्द आपत्तियों का निस्तारण कर फाइनल कैलेंडर को जारी किया जाएगा। इसी क्रम में जनपद भर में अब तक 2999 गन्ना किसानों ने सहकारी गन्ना विकास समितियों में नए सदस्य बनने के लिए ऑनलाइन आवेदन किए हैं, जो नए सीजन में गन्ना सप्लाई करेंगे। हिमालय की तलहटी वाले पीलीभीत जनपद में गन्ना, धान, गेहूं के साथ परंपरागत सह फसली लेने में किसान रुचि लेने लगे हैं। वर्तमान में गन्ने के साथ सह फसली लेकर किसान आर्थिक रूप से समृद्ध बन रहे हैं। वर्तमान सत्र में करीब एक लाख हेक्टेयर एरिया में गन्ने की फसल बोई गई है, जो कटाई के लिए तैयार होने वाली है। पिछले सीजन में भुगतान में देरी और बाहर अच्छे दाम मिलने की वजह से बरखेड़ा और बिलसंडा क्षेत्र के किसानों ने अपने क्षेत्र की मिलों को गन्ना देने से किनारा कर लिया था। कोल्हू और क्रेशर पर गन्ने का दाम अधिक मिलने की वजह से सेंटर से किसान कतराने लगे हैं। गन्ना बोने वाले किसानों को सिर्फ21 रुपये के मामूली शुल्क देकर ऑनलाइन सदस्यता दिलाई जा रही है। इसके लिए गन्ना समिति में काउंटर खोले गए हैं। अब तक सदस्यता अभियान के अंतर्गत जिले भर में 2999 किसानों ने ऑनलाइन सदस्यता के लिए आवेदन किया है। इनमें सबसे अधिक उत्साह पीलीभीत गन्ना समिति के किसान है, जहां पर 1667 किसानों ने पंजीकरण कराया है। इसके अलावा बीसलपुर गन्ना विकास समिति में 706, पूरनपुर समिति में 577 और मझोला समिति में 49 किसानों ने आवेदन किया है। डीसीओ खुशीराम ने बताया कि ऑनलाइन माध्यम से गन्ना किसानों को सदस्य बनाया जा रहा है। बगैर सदस्य बने गन्ने की आपूर्ति मिल को नहीं कर सकेंगे। अभी तक 2999 किसान सदस्य बनने के लिए आवेदन किए हैं। अंतिम तिथि 30 सितंबर रखी गई है।
दूसरे दिन मेला में रही भीड़भाड़
सहकारी गन्ना विकास समिति पीलीभीत परिसर में समिति स्तरीय गन्ना सर्वे सट्टा प्रदर्शन मेला चल रहा है, जिसमें किसानों को सर्वे के अभिलेख चेक कराए जा रहे हैं। मेला के दूसरे दिन किसानों की सुबह से लेकर शाम तक भीड़ नजर आई। हर कोई अपना सट्टे की जांच करते हुए नजर आया। ये मेला 24 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान समिति के अधिकारी मौजूद रहे।

