मां पूर्णागिरि मेले में यात्रियों को राहत, दो जोड़ी मेला स्पेशल ट्रेनें होगी संचालित
Pilibhit News - पीलीभीत में मां पूर्णागिरि मेले के दौरान भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने दो जोड़ी अनारक्षित मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया है। ये ट्रेनें 6 मार्च से 30 जून तक प्रतिदिन चलेंगी, जिससे श्रद्धालुओं को सुगम यात्रा की सुविधा मिलेगी। सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त स्टाफ भी तैनात किया जाएगा।

पीलीभीत। मां पूर्णागिरि मेले के दौरान उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे यात्रियों की सुविधा के लिए दो जोड़ी अनारक्षित मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन करेगा। यह विशेष ट्रेनें छह मार्च से 30 जून तक प्रतिदिन चलाई जाएंगी। जारी निर्देशों में बताया गया है कि मेले के समय टनकपुर और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होती है। ऐसे में बरेली, कासगंज, बदायूं, पीलीभीत, खटीमा समेत विभिन्न स्टेशनों से आने-जाने वाले यात्रियों को सुगम और सुरक्षित यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह व्यवस्था की गई है।टनकपुर-बरेली जंक्शन के बीच चलने वाली मेला स्पेशल ट्रेन देर रात बरेली से रवाना होकर तड़के टनकपुर पहुंचेगी, जबकि वापसी में रात में टनकपुर से चलकर प्रातः बरेली पहुंचेगी।
इसी प्रकार कासगंज-टनकपुर सवारी मेला स्पेशल सुबह कासगंज से चलकर दोपहर में टनकपुर पहुंचेगी तथा वापसी में दोपहर बाद टनकपुर से चलकर शाम तक कासगंज पहुंचेगी। इन विशेष ट्रेनों का ठहराव मार्ग के प्रमुख स्टेशनों पर दिया गया है, मेला अवधि में यात्री सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और बेहतर संचालन के लिए अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती भी की जाएगी। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को लेकर आवश्यकता पड़ने पर अन्य व्यवस्थाएं भी की जााएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



