स्कूल जा रही छात्रा के साथ दो शोहदों ने सड़क पर छेड़छाड़ करना शुरू कर दी। उसको तमंचा दिखाकर धमकाया भी गया। छात्रा के शोर मचाने पर एकत्र भीड़ ने दोनों शोहदों को पकड़कर उनकी पिटाई शुरू कर दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस दोनों आरोपियों को थाने ले आई। छात्र के पिता की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
थाना बरखेड़ा क्षेत्र के एक गांव के निवासी युवक ने पुलिस को तहरीर दी। जिसमें कहा गया कि उसकी 13 वर्षीय पुत्री बरखेड़ा कस्बे के एक स्कूल में कक्षा आठ की छात्रा है।शुक्रवार को वह अपने घर से स्कूल जाने के लिए निकली थी। तभी रास्ते में थाना बरखेड़ा क्षेत्र के वार्ड नंबर 8 निवासी विकास और वार्ड नंबर एक निवासी रामा में उसको रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने उसको रास्ते में रोककर उसके साथ छेड़छाड़ करना शुरू कर दी। उसको तमंचा दिखाकर धमकाया भी गया। लड़की के शोर मचाने पर आसपास के तमाम लोग एकत्र हो गए। जिन्होंने दोनों आरोपी को पकड़ लिया। छेड़छाड़ की सूचना मिलने पर पब्लिक ने दोनों आरोपियों की पिटाई करना शुरू कर दी। सूचना मिलने पर बरखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस दोनों आरोपियों को पकड़कर थाने ले आई। पुलिस ने छात्रा के पिता की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक बरखेड़ा की खीम सिंह जलाल ने बताया कि दोनों आरोपियों का चालान कर जेल भेजा जा रहा है।