
चंदिया हजारा में शारदा नदी ने और तेज किया कटान
Pilibhit News - पूरनपुर में शारदा नदी का जलस्तर कम होने के बाद जमीनों का कटान तेज हो गया है। ग्रामीणों की फसलें और जमीनें नदी के कटान का शिकार हो रही हैं। प्रशासन की ओर से रोकथाम के कोई प्रयास नहीं हो रहे हैं, जिससे...
पूरनपुर। जलस्तर कम होने के बाद शारदा नदी ने जमीनों को काटना तेज कर दिया है। नदी लगातार फसलों के साथ ही जमीन को निगल रही है। इससे ग्रामीणों की चिंता भी बढने लगी है। कटान की गति तेज होने के बाद भी रोकथाम को लेकर कोई प्रयास शुरु नहीं हो सके हैं। ऐसे में ग्रामीण अब खुद सुरक्षा को लेकर काम करेंगे। जेई और एई ने सोमवार से काम शुरू कराने का दावा किया है। बारिश थमने के बाद शारदा नदी में जल स्तर तेजी के साथ कम होने लगा था। बनबसा बैराज से भी पानी कम ही डिस्चार्ज हो रहा है।

नदी ने पानी कम होने के साथ ही कटान को बढ़ा दिया है। हजारा क्षेत्र के गांव आजादनगर में कटान होने के साथ ही नदी ने गांव चंदिया हजारा में कटान शुरु कर दिया था। तीन दिनों से नदी यहां पर गांव के लोगों की गन्ने की फसल के साथ ही जमीन का सफाया कर रही है। नदी के कटान को देखने के लिए लोग मौके पर ही मौजूद रहते है। विवश आंखों से अपनी तबाही का मंजर देख रहे हैं। कटान होने के बाद भी प्रशासन की ओर से रोकथाम के कोई प्रयास नहीं हो पा रहे हैं। ऐस में ग्रामीणों के सामने अब घर बचाने और परिवार का भरण पोषण करने की समस्या गहरा गई है। एई सुमित सचान और जेई दिलीप कुमार ने मौके पर पहुंच कर निरीक्षण किया और आगामी दिनों में कार्य की योजना बनाई। खुद मैदान में उतरेंगे ग्रामीण नदी के कटान को लेकर एक दिन पहले गांव चंदिया हजारा में ग्रामीणों ने बैठक की थी। बैठक में कटान को लेकर चर्चा हुई थी। इसमें ग्रामीणों ने खुद कटान को रोकने के लिए काम करने का निर्णय लिया था। अब ग्रामीण खुद मैदान में उतर कर अपनी जमीन को नदी में समाने से रोकने के लिए काम करेंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


