जहानाबाद में 48 घंटे में दूसरी बार लूटी ग्रामीण की बाइक

Feb 23, 2026 12:45 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, पीलीभीत
share

Pilibhit News - जहानाबाद में बदमाशों का आतंक बढ़ता जा रहा है। हाल ही में बाइक लूट की दो घटनाएं हुई हैं। पहली घटना में एक ग्रामीण की बाइक लूटी गई, जबकि दूसरी घटना में एक व्यक्ति को धारदार हथियार से घायल किया गया। पुलिस ने मामले दर्ज कर लिए हैं, लेकिन घटनाओं को रोकने में नाकाम साबित हो रही है।

जहानाबाद में 48 घंटे में दूसरी बार लूटी ग्रामीण की बाइक

जहानाबाद। जहानाबाद क्षेत्र में लगातार बदमाशों का आतंक जारी है। जहानाबाद पुलिस घटनाओं का खुलासा करना तो दूर घटनाओं को रोक पाने में भी पूरी तरह से नाकाम साबित हो रही हैं। जहानाबाद में बदमाशों ने तीन दिन में बाइक लूट की दो घटनाओं को अंजाम दे दिया। बाइक सवार तीन बदमाशों ने शनिवार रात 11 बजे दावत खाकर लौट रहे ग्रामीण की बाइक लूट ली। घटना को अंजाम देकर बदमाश फरार भी हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। लगातार बदमाशों की चहलकदमी से जहानाबाद में दहशत का माहौल है।

थाना जहानाबाद क्षेत्र के ग्राम कुकरीखेड़ा निवासी रवि कुमार ने थाना जहानाबाद में रिपोर्ट दर्ज कराई। जिसमे कहा गया कि 21 फरवरी को रात करीब साढ़े 11 बजे वह ग्राम कल्याणपुर चक्रतीर्थ से दावत में शामिल होकर गांव लौट रहा था। तभी उगनपुर गांव के पास निर्माणाधीन हाईवे पर पुलिया के निकट तीन अज्ञात बदमाशों ने उसे रोका। बदमाशों ने उसकी बाइक जबरन छीन ली। बाइक लेकर बदमाश शाही की ओर भाग गए। पीड़ित के मुताबिक जब उसने घटना का विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने शोर मचा दिया। शोर शराबा होने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए। पीड़ित ने घटना की सूचना जहानाबाद पुलिस को दी। सूचना मिलने पर थाना जहानाबाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीओ सदर आईपीएस नताशा गोयल ने बताया कि लूट का मुकदमा दर्ज कर खुलासे के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द घटना का वर्कआउट कर दिया जाएगा। पुलिस की टीमें कार्य कर रही हैं। 19 फरवरी की रात भी लूटी थी बाइक बदमाशों ने थाना जहानाबाद क्षेत्र के ग्राम गौनेरा वदी निवासी पुष्पेंद्र कुमार के साथ भी 19 फरवरी की रात करीब आठ बजे लूट की घटना की थी। पुष्पेंद्र ने बताया कि वह अपने ममेरे भतीजे कपिल के साथ नबावगंज से घर लौट रहा था। तभी शाही रोड पर ग्राम महताब नगर के निकट नकबापोश बदमाशों ने उसकी बाइक लूट ली। विरोध करने पर धारदार हथियार से प्रहार कर घायल कर दिया था। पुलिस ने इस मामले में भी मुकदमा दर्ज कर लिया था। यदि घटना होने से सबक लेकर पुलिस ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाई होती तो बदमाश दूसरी घटना को अंजाम नहीं दे पाते।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।