पीलीभीत टाइगर रिजर्व में पहली बार दिखा दुर्लभ हनी बेजर, कैमरे में हुआ कैद
Pilibhit News - पीलीभीत टाइगर रिजर्व में हनी बेजर की मौजूदगी की पुष्टि हुई है, जो विलुप्त प्राणी है। यह मांसाहारी होते हुए भी शहद पसंद करता है। इसके घुमावदार पंजे और आक्रामक स्वभाव के कारण बड़े जानवर भी इससे डरते...

मांसाहारी होते हुए भी शहद पसंद करने वाले हनी बेजर (बिज्जू) की मौजूदगी पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) में मिली है। इससे उत्साहित वन कर्मियों ने पूरी रिपोर्ट और फोटोग्रफ्स डीएफओ मनीष सिंह को भेज दिए हैं। विलुप्त प्राणी दिखने की जानकारी एनटीसीए को भी भेजी जा रही है। नेवला परिवार से संबंधित हनी बेजर सर्वाहारी स्तनधारी हैं। रात में घूमने वाला यह जीव बेहद शक्तिशाली होता है। इसके घुमावदार पंजे न सिर्फ बचाव करने और हमला करने के लिए उपयुक्त हैं बल्कि बिल खोदने में भी सक्षम होते हैं। मोटी चमड़ी, आक्रामक स्वभाव के कारण हनी बेजर से बाघ-तेंदुए जैसे बड़े जानवर भी डरते हैं। इसके चलते यह अनोखा जीव गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में मोस्ट फियरलेस क्रीचर के नाम से दर्ज है। पीटीआर में हनी बेजर का मिलना अच्छा संकेत माना जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि पिछले दिनों पीटीआर की रेंज में अचानक एक अजीब से दिखने वाले प्राणी की हलचल दिखाई दी। कैमरे में ट्रैप होने पर अध्ययन में विलुप्तप्राय जीव हनी बेजर की मौजूदगी की पुष्टि हुई। अभी अध्ययन चल रहा है। पीटीआर के जंगल में और भी दुर्लभ और अनोखे जीव हो सकते हैं।
बिज्जू को शहद अतिप्रिय है
छत्तीसगढ़, उत्तराखंड के अलावन देश में अब तक सात- आठ बार दिखने वाला यह प्राणी पीटीआर में पहली बार नजर आया है। इसकी खासियत है कि यह मांसाहारी है पर इसे शहद अतिप्रिय होता है। हालांकि इसके आहार का अधिकांश हिस्सा मांसाहारी होता है लेकिन आवश्यकता पड़ने पर हनी बेजर फल और जड़ें तक खा जाता है।
संरक्षण पर दिया जा रहा जोर
गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में मोस्ट फियरलेस क्रीचर के नाम से मशहूर बिज्जू वन्य जीव संरक्षण अधिनियम में विलुप्त वन्य जीवों की श्रेणी में शामिल है। इसको संरक्षित करने पर जोर दिया गया है पर यह जल्दी दिखता नहीं। हनी बेजर के स्वभाव को लेकर दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में अध्ययन चल रहा है।
वर्जन :
हनी बेजर (बिज्जू) बहुत खास किस्म का प्राणी है। पीटीआर के कैमरों में इसकी फुटेज मिली है। जैव विविधता को लेकर हम सब काफी खुश है। अधिकारियों को भी रिपोर्ट भेजी गई है।
- मनीष सिंह, डीएफओ, पीटीआर
फोटो : पीबीटी 07- पीटीआर के कैमरे में दुर्लभ हनी बेजर की तस्वीर कैद हुई।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।