जनकल्याणकारी योजनाओं की लगाई प्रदर्शनी
केन्द्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित साथ है विश्वास है, हो रहा विकास है शीर्षक पर शुक्रवार को शहर के बैंकट हाल में चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया...
केन्द्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित साथ है विश्वास है, हो रहा विकास है शीर्षक पर शुक्रवार को शहर के बैंकट हाल में चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। यह प्रदर्शनी शुक्रवार से शुरू होकर 23 जनवरी तक चलेगी। प्रदर्शनी का उद्घाटन शहर विधायक संजय सिंह गंगवार ने फीता काटकर किया गया। इसके बाद उन्होंने एक- एक प्रदर्शनी को देखा। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की ओर से जनमानस के लिए किए गए कार्यो की जानकारी इस प्रदर्शनी में देखने को मिल रही है।
इस प्रदर्शनी में केन्द्र सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं जैसे बेटी बचाओ- बेटी बढ़ाओ, सुकन्या समृद्धि योजना, जन- धन योजना, सबके लिए शिक्षा, कृषि कल्याण योजना, खेल प्रोत्साहन, डिजिटल इण्डिया, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार अधिनियम, ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन, पर्यावरण संरक्षण, देश के सीमाओं की सुरक्षा, ग्रामीण दूरसंचार सड़क, पेयजल, बिजली, बाल विकास कार्यक्रम, स्टार्ट अप, महिला सशक्तिकरण, अल्प संख्यक कल्याण योजना आदि के बारे में विस्तृत रूप से चित्र प्रदर्शनी के माध्यम से जन-मानस के बीच जागरूकता फैलाने के लिए प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है।
क्षेत्रीय प्रदर्शनी अधिकारी जय सिंह ने बताया कि केन्द्र सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी इस चित्र प्रदर्शनी के माध्यम से पांच दिनों तक लगाई गई है। इस प्रदर्शनी को आम जन के लिए सुबह 10 से शाम पांच बजे तक प्रतिदिन खुली रहेगी। इस मौके पर वीरागंना अवन्तीबाई इण्टर कालेज एवं जिला परिषदीय विद्यालय के छात्र/छात्राओं एवं स्टाफ के साथ- साथ ही डीएवीपी लखनऊ के उप निदेशक सूर्यकान्त त्रिपाठी, जिला सूचना अधिकारी प्रदीप कुमार चौहान, डीएवीपी लक्ष्मण व सदासहाय शुक्ला आदि मौजूद रहे।