Pilibhit News: पुलिस चेकिंग में पकड़े गए बाइक चोरी के दो आरोपी,माल बरामद
Pilibhit News: बरखेड़ा पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान बाइक चोरी के दो आरोपियों गंगाराम उर्फ बनवारी लाल और अजय सक्सेना को गिरफ्तार किया। आरोपियों से चोरी की दो मोटरसाइकिल, सोने-चांदी के जेवरात और 7,700 रुपये नकद बरामद हुए। एक अन्य साथी की तलाश जारी है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

Pilibhit News: बरखेड़ा,संवाददाता। बरखेड़ा पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान बाइक चोरी के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, सोने-चांदी के जेवरात और 7,700 रुपये नकद बरामद किए हैं। पूछताछ में गिरोह के एक अन्य साथी का नाम सामने आया है,जिसकी तलाश की जा रही है।प्रभारी निरीक्षक बरखेड़ा सत्येंद्र कुमार ने बताया कि 29 अगस्त की रात थाना बरखेड़ा पुलिस ने चेकिंग के दौरान भैंसहा ग्वालपुर नहर किनारे पटरी पर दो मोटरसाइकिलों पर सवार दोनों युवकों को रोककर पूछताछ की। जांच में दोनों बाइक चोरी की निकलने पर पुलिस ने बाइक पर सवार गंगाराम उर्फ बनवारी लाल निवासी जमुनिया खास, थाना माधोटांडा और अजय सक्सेना निवासी जमुनिया खास, थाना माधोटांडा को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी में पुलिस को सोने की नथ, सोने की अंगूठी, एक जोड़ी चांदी की पायल, चांदी का कमरबंद, बच्चे की चांदी की अंगूठी समेत अन्य जेवरात, एक मोबाइल फोन और 7,700 रुपये नकद मिले। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी की बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उनका इस्तेमाल कर रहे थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। जहां से उनको जेल भेज दिया गया है। पूछताछ में संजीव कुमार निवासी जमुनिया खास का नाम सामने आया है,जो फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। गंगाराम उर्फ बनवारी के खिलाफ बरखेड़ा और माधोटांडा थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं अजय सक्सेना के खिलाफ बरखेड़ा थाने में चोरी समेत अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार, उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह,धीर सिंह,नवीन कुमार सहित हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल शामिल रहे।


