पीलीभीत में श्रमिक के साथ मारपीट करने वाला सपा जिला उपाध्यक्ष गिरफ्तार, जेल भेजा
Pilibhit News - पीलीभीत में ईंट भट्ठे पर काम करने वाले श्रमिक मिथुन कुमार के साथ मारपीट के मामले में अमरिया पुलिस ने समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष मखदूम खां और उनके भाई को गिरफ्तार किया। श्रमिक ने पुलिस में शिकायत की थी कि उन्हें काम करने के लिए मजबूर किया गया और विरोध करने पर पीटा गया।

पीलीभीत। ईंट भट्ठे पर काम करने वाले श्रमिक के साथ मारपीट और धमकाने के मामले में अमरिया पुलिस ने सपा के जिला उपाध्यक्ष मखदूम खां और उनके भाई को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को शांति भंग में चालान कर जेल भेज दिया। पुलिस ने बुधवार रात को श्रमिक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया था। सपाइयों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। सपा का प्रतिनिधि मंडल डीएम-एसएसपी से मिलकर अपनी आपत्ति दर्ज कराएगा। उन्नाव के गुलहेरिया क्षेत्र के ग्राम धवानी निवासी मिथुन कुमार अमरिया क्षेत्र के धुंधरी गांव स्थित मखदूम खां के ईंट भट्ठे पर काम करता है।
आरोप है कि 16 फरवरी को भट्टा मालिक मखदूम खां और उसका भाई सारिक खां ने श्रमिक मिथुन कुमार पर अत्यधिक काम करने का दबाव बनाया। श्रमिक ने विरोध किया तो सपा नेता और उसके भाई ने श्रमिक को कमरे में बंद करके पीटा। शोर शराबा होने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए। जिस पर आरोपी जान से मारने की धमकी देने लगे। अमरिया पुलिस ने घायल मिथुन का मेडिकल कराकर बुधवार रात रिपोर्ट दर्ज की। गुरुवार सुबह पुलिस ने मखदूम खां और उसके भाई सारिक खां का शांति भंग में चालान किया। मजिस्ट्रेट ने दोनों को जेल भेज दिया। समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा ने बताया कि मामले में डीएम एसपी से मुलाकात कर पक्ष रखा जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



