Pilibhit News: तुलनात्मक सूची बना कर मतदाता सत्यापन अभियान चलेगा
Pilibhit News: पीलीभीत में एसआईआर-2026 के बाद मतदाता सूची से छूटे और पहली बार वोटर बनने वाले लोगों के नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलेगा। बीएलओ घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे और फार्म 6 भरने में मदद करेंगे। बूथवार तुलनात्मक सूची राजनीतिक दलों से साझा होगी तथा कैंप लगाए जाएंगे। बैठक में परिवार टैगिंग और विवाहित महिला मतदाताओं के नाम शामिल करने संबंधी सुझाव भी दिए गए।

मतदाता सूची में छूटे नामों के सत्यापन का अभियान
Pilibhit News:
पीलीभीत। ऐसे मतदाता जो एसआईआर से पहले मतदाता सूची में थे और एसआईआर होने के बाद मतदाता सूची में नहीं है। उनकी तुलनात्मक सूची बना कर सत्यापन कार्य शुरू कराया जाएगा। ऐसे छूटे मतदाताओं को वाजिब प्रमाण पत्रों के साथ मतदाता सूची में शामिल करने का अभियान चलेगा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ पुनरीक्षण-2026 के पश्चात निर्वाचक नामावली में छूटे एवं प्रथम बार/युवा निर्वाचकों के नाम सम्मिलित किये जाने के लिए 12 अक्टूबर को नगर मजिस्ट्रेट प्यारे लाल मौर्य की अध्यक्षता में गांधी सभागार में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक संपन्न कर इस बात से अवगत कराया गया। सिटी मजिस्ट्रेट मौर्य ने सभी को पीपीटी के जरिए बताया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 की प्रक्रिया के अन्तर्गत आयोग ने एक अक्टूबर से निर्वाचक नामावली में पंजीकरण से छूटे एवं एवं प्रथम बार/युवा निर्वाचकों के नाम सम्मिलित किए जाने के संबंध में विशेष अभियान चलाए जाने के निर्देश हैं। बीएलओ घर घर जाकर उनकी वर्तमान स्थिति की जानकारी करेंगे। फार्म 6 के माध्यम से उनका नाम निर्वाचक नामावली में शामिल करने में सहायता करेंग। बीएलओ को सप्ताह में कम से कम 20-25 निर्वाचकों से सम्पर्क करने को कहा गया है ताकि काम एक माह में पूरा किया जा सके। बीएलओ द्वारा तुलनात्मक सूची भी तैयार की जाएगी। बूथवार सूची को निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ भी साझा किया जाएगा। बूथ स्तर पर कैंप लगाए जाएंगे। छूटे हुए निर्वाचकों के नाम निर्वाचक नामावली में सम्मिलित कराने का अवसर दिया जा रहा है। बसपा जिलाध्यक्ष मुन्ना लाल कश्यप ने सुझाव दिया कि अन्य जिले/प्रदेशों में विवाहित महिला मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल करने पर भी ध्यान दिया जाए। भाजपा नगराध्यक्ष इन्द्रेश सिंह चौहान ने एक ही परिवार के व्यक्तियों के नाम अलग-अलग मतदान केन्द्र एवं मतदेय स्थलों में दर्ज होने की स्थितियों की जांच कर सही कराने का सुझाव दिया गया। बताया गया कि मतदाता की फैमिली टैगिंग की जाएगी। सपा के अमित पाठक ने कहा कि बीएलओ घर जाकर वार्ड, मोहल्लें में जाकर सत्यापन करें। एसडीएम सदर श्रद्धा सिंह ने बताया कि बीएलओ को आयोग से ट्रेनिंग देकर बताया जा चुका है। बैठक में आम से संजय कुमार, भाजपा से विपिन कुमार मिश्रा, एसडीएम अमरिया हेमन्त कुमार चौधरी, एसडीएम न्यायिक राजकुमार बैठा, तहसीलदार न्यायिक गिरिजा शंकर यादव, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी कृष्ण कुमार कश्यप आदि रहे।

