Pilibhit News: जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अफसरों ने विकास कार्योँ का लिया जायजा
Pilibhit News: पीलीभीत की 720 ग्राम पंचायतों में विशेष रोजगार सृजन दिवस आयोजित किया गया, जिसके तहत 69,000 श्रमिकों को काम दिया गया। डीएम आलोक कुमार, सीडीओ सतीश प्रसाद मिश्र और उपायुक्त हेमंत यादव ने विकास कार्यों का निरीक्षण कर श्रमदान किया। अधिकारियों ने समय पर मजदूरी, कौशल विकास और स्थानीय रोजगार के अवसरों पर जोर दिया। मरौरी में ब्लाक प्रशासक ने भी कार्यों का सत्यापन किया।

Pilibhit News: पीलीभीत। जिलेभर की ग्राम पंचायतों में विशेष रोजगार सृजन दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अफसरों ने मौके पर पहुंचकर विकास कार्यों का सत्यापन किया। श्रमिकों से संवाद किया गया। डीएम, सीडीओ और उपायुक्त ने फावड़ा चलाकर श्रमदान किया। विकसित भारत : जीरामजी (विकसित भारत : गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन-ग्रामीण) के अंतर्गत जिले के विकासखंड मरौरी की ग्राम पंचायत पिपरिया नवदिया में विशेष रोजगार सृजन दिवस आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डीएम आलोक कुमार ने कार्यस्थल पर पहुंचकर कराए जा रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया और फावड़ा चलाकर स्वयं श्रमदान कर श्रम की महत्ता और सामुदायिक सहभागिता का संदेश दिया। इस दौरान सीडीओ सतीश प्रसाद मिश्र और जीरामजी के उपायुक्त हेमंत यादव ने भी श्रमदान किया। डीएम ने कार्यस्थल पर चल रहे कार्यों का जायजा लेते हुए संबंधित अफसरों को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों का सृजन कर ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर ही आजीविका के साधन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इससे न सिर्फ ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति सुधरेगी। बल्कि रोजगार की तलाश में होने वाले पलायन को रोका जा सकेगा। उन्होंने श्रमिकों के हितों पर विशेष ध्यान देने, उन्हें समय से मजदूरी का भुगतान करने और उनके कौशल विकास एवं प्रशिक्षण को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को रोजगार के साथ-साथ आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है, जिससे वे अपनी आजीविका को बेहतर बनाते हुए आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर संचालित किया जाए तथा योजनाओं का लाभ पात्र श्रमिकों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ डीडीओ संजय कुमार, परियोजना निदेशक पवन कुमार सिंह ने पर्यवेक्षण किया। नोडल अधिकारी/जीरामजी के उपायुक्त हेमंत कुमार यादव ने बताया कि इस अभियान के तहत जनपद के समस्त की 720 ग्राम पंचायतों में 69000 श्रमिकों को कार्य दिया गया। इसकी मॉनीटरिंग की गई। इस दौरान खंड विकास अधिकारी, पंचायत सचिव, लेखपाल, ग्राम प्रधान, रोजगार सेवक, श्रमिक सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
मरौरी में रोजगार कार्यों का सत्यापन
ब्लाक प्रशासक सभ्यता ने मरौरी में देखा कार्य
मरौरी की ब्लाक प्रशासक सभ्यता देवी वर्मा ने गांव मरौरी पहुंचकर विकसित भारत जीरामजी के तहत विशेष रोजगार सृजन दिवस कार्यक्रम में चल रहे विकास कार्यों का भौतिक सत्यापन किया। कार्य के बारे में जानकारी हासिल की। उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत सौ दिन से बढ़कर 125 दिन ग्रामीण परिवारों को मिलने वाले गारंटी सुधार रोजगार को प्रतिवर्ष कर दिया गया है। इस दौरान बीडीओ समेत कई कर्मचारी थे।

